जबलपुर । प्रदेश भर में बस आपरेटर एसोसिएशन द्वारा लंबे समय से बसों का किराया बढ़ाए जाने मांग की जा रही थी। इस संदर्भ में 21 अप्रैल को मध्यप्रदेश सरकार ने प्राइवेट बसों के किराए में 25 फीसदी की वृद्धि कर दी है। इस संबंध में परिवहन विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक बस का न्यूतनम किराया 7 रुपए तय किया गया है, जबकि सामान्य तौर पर 1 रुपए 25 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया तय होगा। इसके अलावा लग्जरी बसों के किराए में 25 से 75% तक की वृद्धि तय की गई है। बस आपरेटर एसोसिएशन के मुताबिक आदेश में कहा गया है कि लग्जरी बसों जैसे डीलक्स (नॉन एसी) स्लीपर, डीलक्स (एसी) और सुपर लग्जरी कोच के तय किए गए किराए में रात्रि प्रभार यात्रियों से नहीं वसूला जाएगा। रात्रि प्रभार सिर्फ सामान्य बस आपरेटर ही ले सकेंगे। इससे पहले सरकार ने 28 मई 2018 को बस का किराया 1 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया था, लेकिन अब इसे 1 रुपए 25 पैसे किया गया है।

लॉकडाउन में बंद रहा संचालन

मप्र प्राइवेट बस आनर्स एसोसिएशन पिछले एक साल से किराया बढ़ाने की मांग कर रहा था। इसके लिए एसोसिएशन ने कोरोना महामारी का हवाला दिया था। उनका कहना था कि पिछले साल लॉकडाउन के कारण बसों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा और इस साल मार्च से सरकार ने फिर महाराष्ट्र आने-जाने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद प्रदेश के कई शहरों में कोराना कर्फ्यू लगा दिया। ऐसे में बसों का संचालन मुश्किल हो रहा था। इस बीच, डीजल के दाम बढ़ने के कारण लागत भी नहीं निकल पा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *