रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के ग्राम तुलसीपार में एक किसान ने अपने ऊपर लदे कर्ज एवं सोयाबीन की बर्बाद फसल को देखकर आत्महत्या कर ली थी।
बेगमगंज एसडीओपी ओपी त्रिपाठी ने बताया कि मृतक किसान 40 वर्षीय वीरेंद्र सिंह यादव के परिवार में पत्नी माया बाई एवं एक पुत्र अभिषेक यादव 20 वर्ष जिसका इसी वर्ष उसने विवाह किए जाने पर भी कर्ज हो गया था। एवं दो पुत्री कुमारी रोहणी 18 वर्ष ,कक्षा-नवमी तथा दूसरी पुत्री कुमारी रागनी 16 वर्ष कक्षा 7 में पड़ती है ।
मृतक के हिस्से में साढे 5 एकड़ भूमि आई है। मृतक के बड़े भाई शिवराज सिंह यादव ने बताया कि उनके पिता हरि सिंह यादव के पास कुल 27 एकड़ भूमि है। तीनों भाइयों को साढे 5 – 5 एकड़ भूमि बांट दी थी।।
खेती का काम वे स्वयं संभालते थे। लेकिन गिरने के कारण उनका एक पांव फैक्चर होने से इस बार खेत पर फसल कटाई के लिए उनका मंझला भाई वीरेंद्र सिंह गया हुआ था । जिसने बर्बाद फसल देखकर गहरा आघात लगने के कारण खेत के नीचे तालाब के आगे पठार पर जंगल की कहार में एक पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली ।
जब वह खेत से घर पर खाना खाने नहीं आया तो उन्हें देखने के लिए उसका पुत्र अभिषेक यादव एवं भतीजा पुष्पेंद्र तलाश करने निकले बहुत देर तलाश करने के बाद जब वे नहीं मिले तो उन्होंने आगे जाकर जंगल में देखा तो वीरेंद्र सिंह एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटके हुए थे।
वीरेंद्र सिंह के ऊपर बेगमगंज के एक साहूकार का दो लाख रुपए एवं अन्य साहूकारों के करीब 4 लाख का कर्जा है। और मृतक ने अपने पुत्र की शादी के लिए एवं बैंक की केसीसी का ऋण जमा करने के लिए हम भाइयों से भी दो लाख उधार लिए थे। इस तरह करीब 10 लाख रुपए का कर्ज उन पर है ।
संभवत कर्जे के कारण एवं फसल की बर्बादी देखकर उन्होंने यह कदम उठाया है । उनके मंजिलें भाई मृतक वीरेंद्र सिंह ने 17 कुंटल सोयाबीन गया था । जिस की कटाई कराने के लिए 86 मजदूर दो -दो सौ . रुपए प्रतिदिन से लगाए थे । लेकिन सोयाबीन की थ्रेसिंग होने के बाद वीरेंद्र सिंह ने जब देखा कि कुछ नहीं निकला है । तो वह मजदूरों से यह कह कर के आप लोग भोजन कर आओ मैं अभी आता हूं। ओर जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली ।
आज सोमवार की सुबह ग्राम तुलसीपार में मृतक किसान के घर जिले के प्रभारी मंत्री हर्ष यादव एवं पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल एवं कलेक्टर उमाशंकर भार्गव व पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला सहित कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश यादव जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री सईद नादां एडवोकेट , संदीप विश्वकर्मा , जनपद सदस्य प्रकाश पटेल , वीरेंद्र यादव ,अवधेश पटेल , चंद्रेश जैन , शकील खान , विजय पहलवान इत्यादि सहित 2 दर्जन से अधिक कांग्रेस के नेता व सभी प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने मृतक किसान वीरेंद्र सिंह यादव के पिता हरि सिंह यादव , बड़े भाई शिवराज सिंह यादव एवं छोटे भाई राजेश सिंह यादव से मुलाकात कर पहले तो विस्तार से घटना की जानकारी ली फिर सांत्वना बना देते हुए ,आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उनका बैंक का कर्ज माफ किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी । साथ ही मृतक किसान वीरेंद्र सिंह के पुत्र अभिषेक यादव बहू श्रीमती रीना बाई यादव को आंगनबाड़ी में नौकरी दी जाएगी और कुटीर स्वीकृति के निर्देश कलेक्टर उमाशंकर भार्गव को दिए इसके अतिरिक्त अन्य जो भी सहायता होगी वे सरकार की ओर से उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुखिया कमलनाथ जी से इस संबंध में चर्चा की जाएगी प्रदेश में सोयाबीन एवं आवाज की फसल 90ः और कहीं-कहीं शत- प्रतिशत नष्ट हो गई है । जिसका सर्वे करा लिया गया है और पीडित किसानों को प्रदेश सरकार जल्द ही मुआवजा वितरण करा रही है ।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बनी तब 15 साल शासन करने वाली भाजपा की शिवराज सरकार सरकार प्रदेश का खजाना खाली छोड़ कर गई थी मुख्यमंत्री कमलनाथ जी का संकल्प है कि सभी किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्जा माफ किया जाएगा। इसको लेकर लगातार कार्रवाई चल रही है । इसके अतिरिक्त हाल ही में अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का भी मुआवजा दिया जा रहा है । हम लोग आश्वासन देने या घोषणा करने वाले नहीं हैं । घोषणा करने वाले घोषणावीर 15 साल शासन करके प्रदेश को कंगाल करके चले गए। काँग्रेस की सरकार वचन निभाने वाली है । हर मोर्चे पर किसानों के साथ कमलनाथ सरकार सदैव खडी रहेगी । शोक संतप्त मृतक किसान के परिजनों को दुख की इस घड़ी में कांग्रेस सरकार एवं कांग्रेस परिवार उनके साथ रहने का आश्वासन देते हुई प्रभारी मंत्री हर्ष यादव ने शीघ्र ही उनका सहकारी बैंक का कर्ज 84 हजार एवं सतपुड़ा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक का 2 लाख 24 हजार का कर्जा माफ कराने का वचन देते हुए कहाकि किसान ऐसा कोई कदम ना उठाएं कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटे ।
पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला ने मृतक की पत्नी श्रीमती माया बाई एवं परिवार की अन्य महिलाओं से अलग से चर्चा करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में पुलिस प्रशासन भी उनके साथ है। किसी प्रकार की कोई दिक्कत हो तो पुलिस को बताएं , वह तत्काल आपकी सेवा में हाजिर होगी ।
