ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड विधायक संजीव सिंह संजू कोरोना संक्रमित पाए गए है। प्रदेश के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने बीते दिनों प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। जिसमें कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर किए जा रहे उपायों पर चर्चा की गई थी। इस बैठक में भिण्ड विधायक संजीव सिंह संजू भी शामिल हुए थे। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर जब आज विधायक संजीव सिंह ने जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी लगने के बाद बैठक में शामिल अधिकांश अधिकारियों ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।
भिण्ड विधायक संजीव सिंह हाल ही में हरिद्वार कुंभ में शामिल होकर भिण्ड लौटे थे। कल रात अचानक उनकी तबीयत खराब हुई तो डाक्टरों ने विधायक संजीव सिंह को सलाह दी कि वह तुरंत कोरोना की जांच कराएं। इसके बाद आज विधायक ने भिण्ड जिला अस्पताल पहुंचकर कोरोना की जांच कराई, जिसमें वह संक्रमित पाए गए हैं।
भिण्ड विधायक संजीव सिंह संजू बीते दिनों भिण्ड जिला पंचायत में आयोजित कोरोना समीक्षा बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में वह राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, कलेक्टर सतीश कुमार एस, एसपी मनोज कुमार सिंह, सीएमएचओ डा अजीत प्रसाद मिश्रा, सिविल सर्जन डा अनिल गोयल सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक के बाद राज्यमंत्री और विधायक ने वीसी के जरिए होम आइसोलेट कोरोना पॉजिटिव महिला से चर्चा भी की थी। विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कई अधिकारियों ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।
