भोपाल। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने स्वयं सेवी संगठनों से अपील की है कि वह बिना लक्षण वाले संक्रमित मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर चलाकर उन्हें होम आइसोलेट जैसी सुविधा दें। उन्होंने कहा कि सारे देश में कोविड पैर पसार रहा है और इस लिए युद्ध स्तर पर काम करना जरूरी है। कोविड केयर सेंटर चलाने के लिए मैं स्वयं सेवी संस्थाओं को भी अपील करूंगा वह आए और कोविड केयर सेंटर चलाएं। जिनके बिल्कुल लक्षण नहीं है उन्हें होम आइसोलेट करें। सीएम ने यह बात आज स्मार्टसिटी पार्क में पौधरोपण के बाद कही। उन्होंने कहा कि पब्लिक पार्टिसिपेशन चाहिए लेकिन इसका यह मतलब नहीं है की प्रशासन काम नही करेगा जी-जान लगा देंगे जब तक सांस है तब तक मैं काम करूंगा। लेकिन, व्यापक रूप से जनता के सहयोग की जरूरत है। इसलिए, समाजसेवी स्वंसेवी संगठन निकले।
हमें अभी 15 दिन घर से बाहर नहीं निकलना है
सीएम ने कहा कि जिस तरह से कोरोना संक्रमण पैर पसार रहा है यह अप्रत्याशित है। मैं डरने की बात नहीं कर रहा हूं, हम तो आखिरी सांस तक काम करेंगे कोई चिंता की बात नहीं है, लेकिन अवेयरनेस के बिना काम नहीं चलने वाला और जनता के साथ के बिना काम नहीं चलने वाला, इसलिए सब अपील करें कि रहवासी संघ, कॉलोनी मोहल्ला कमेटी, यह कैसे प्रेरित हो सकती हैं कि हमें 15 दिन अपने घर से नहीं निकलना है।
ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की हो रही आपूर्ति
सीएम ने ऑक्सीजन सप्लाई और रेमडेसिविर इंजेक्शन की सप्लाई को लेकर कहा कि जब से हमने प्रयास किए हैं तब से 31 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन हमें प्राप्त हो गए है। 2 हजार आज आने वाले है। 16 अप्रैल को 10 हजार इंजेक्शन और मिलेंगे जिसके हमने ऑर्डर दिए है। जितने संभव उपाय है सभी किए जा रहे है। टैंकर से हमारे यहां दूसरे राज्यों से ऑक्सीजन आती है, रास्ते में ऐसी स्थिति भी बन जाती है की आने में देर लगती है तो उनको एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवा घोषित कर दिया है। पुलिस के संरक्षण में टैंकर चलें और समय पर आ पाएं, डिले हम उसको नहीं होने दे सकते। सीएम ने कहा कि टैंकर्स की उपलब्धता भी लगातार बढ़े और टैंकर कैसे मिले इसके प्रयास भी हम कर रहे हैं। 8 अप्रैल को हमारे पास ऑक्सीजन की उपलब्धता 130 मेट्रिक टन थी 9 अप्रैल को बढ़कर 180 मेट्रिक टन हुई और 12 अप्रैल को वह बढ़कर 267 मेट्रिक टन हुई। ऑक्सीजन की उपलब्धता नहीं रहे इसके लिए दिल्ली लगातार संपर्क में हूं और प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पियूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान सबसे में लगातार बात कर रहा हूं।
