रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के गैरतगंज मुख्यालय से विदिशा को जोड़ने वाली गढ़ी अहमदपुर सड़क की खराब हालत ने दो बाइक सवारों की जान ले ली है।
एसडीओपी ओपी त्रिपाठी ने बताया कि घटना शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात की है जब दो बाइक सवार युवक अहमदपुर की ओर से वापिस लौट रहे थे. तथा रास्ते में खराब सड़क के चलते दुर्घटनाग्रस्त होकर पानी से भरी दलदलनुमा एक खंती में गिर गए। जिससे दोनों की मौत हो गई।
घटना का पता तब चला जब राहगीरों ने शनिवार की सुबह पानी से भरी खंती में युवकों की लाशों को तैरते हुए देखा। जिसकी पुलिस को सूचना दी गई।
शनिवार की सुबह गढ़ी अहमदपुर मार्ग पर ग्राम बाढ़ेर से रांझड़ी के बीच दो बाइक सवार युवकों की लाश सड़क किनारे बनी खंती में पानी में तैरते हुए दिखाई देने तथा पास में ही एक दुर्घटनाग्रस्त बाइक पड़ी होने की जानकारी मिली। सड़क से निकलने वाले राहगीरों ने इस घटना को देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर देहगांव पुलिस टीम पहुंची।
पुलिस टीम ने मौके से खंती में तैर रहे दोनो बाइक सवारों के शव को बाहर निकाला। मृतकों की शिनाख्त गोविंद 25 वर्ष एवं विजय सिंह 45 वर्ष दोनो निवासी ग्राम मनकापुर गढ़ी तहसील गैरतगंज के रूप में हुई। परिजनों से ली गई जानकारी के आधार पर दोनो युवक अपनी बाइक से किसी काम से ग्राम डंगरबाड़ा जिला विदिशा गए थे। तथा देर रात वहां से वापिस लौट रहे थे। आते समय विदिशा मार्ग पर सड़क की खराब हालत के चलते उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक समेत खंती में जा गिरे। बताया गया है कि जिस खंती में दोनो युवक गिरे थे। वह दलदलनुमा बड़ा नाला है । दोनो गंभीर रूप से चोट ग्रस्त होने से खंती में फंस गए वही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनो शवों को निकालकर परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गैरतगंज अस्पताल भेजा। तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनो मृतक पेशे से मजदूर एवं गरीब परिवारों से है। तथा इस घटना से उनके परिवार में मातम का माहौल है। मुतक युवक विजय के घर में उसकी पत्नि, 3 लड़की एवं 1 लड़का है। वहीं मृतक राजकुमार के घर में उसकी पत्नि के अलावा एक नन्ही तीन वर्षीय बालिका भी है। मृतक विजय के परिजन बलवीर ने रोते हुए बताया कि दोनो ही लोग जल्द ही वापिस लौटने का कहकर डंगरबाड़ा गए थे तथा अब यह दुखभरी सूचना मिल रही है। घटना स्थल देवनगर थाने के अंतर्गत आता है।
थाना प्रभारी विमलेश राय का घटना के संबंध में कहना है कि पुलिस ने मर्ग कायम किया है तथा विवेचना की जा रही है। खराब सड़क ने ली बलि, आए दिन हो रहे हादसे विदिशा को जोड़ने वाली लोनिवि की गढ़ी-अहमदपुर की सडक खराब पर लंबे समय से हादसों का सिलसिला जारी है। ताजा घटना भी इसी खराब सड़क का नतीजा है जिसने इन दो बाइक सवारों की बलि लेली है। इसके पहले भी इस सड़क पर कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके है तथा दर्जनों लोग घायल हो चुके है। इस सड़क को जिले के एक प्रभावी ठेकेदार शिवाजी कंस्ट्रक्शन ने अनियमितता एवं भ्रष्टाचार करके अपनी एवं लोनिवि विभाग की चारागाह बना दिया। जिसका खामियाजा क्षेत्र के दर्जनों ग्रामवासी भोग रहे है। पहले लोनिवि एवं वर्तमान में एमपीआरडीसी के पास इस सड़क का जिम्मा है। परन्तु सड़क सुधार के नाम पर कोई भी परिणाम सड़क पर नही दिखाई दे रहे है। तथा रोजाना हादसे हो रहे है।
