मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में बुधवार को विहिप नेता और संघ से जुडे युवराज सिंह चौहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवराज शहर में केबल नेटवर्क का भी संचालन करते थे। हमलावरों ने उन्हें तीन गोलियां मारीं। एक गोली उनके सिर पर लगी। इससे मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें टैक्सी से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए। भारी तनाव को देखते हुए इलाके में बडी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हमलावारों की तलाश में शहर में नाकेबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे चौहान गीता भवन अंडर ब्रिज के पास स्थित बिजली कांउटर पर बिल जमा करने पहुंचे थे। बिल भरने के बाद वे पास ही मौजूद एक होटल में पहुंचे। वे बेंच पर बैठने ही वाले थे कि बाइक पर सवार तीन हमलावर आए और एक के बाद एक उन्हें पीछे से तीन गोली मारी। जब तक लोग कुछ समझ पाते हमलावर भाग चुके थे। हमलावरों में से पीछे बैठे दो ने मुंह ढंक रखा था, जबकि बाइक चालक का मुंह खुला था।

युवराज सिंह चौहान वर्तमान में विश्व हिंदू परिषद के सहमंत्री थे। इसके अलावा शहर में वे एसआरएम केबल नेटवर्क के संचालक भी थे। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि इसी केबल नेटवर्क को लेकर उन पर हमला किया गया है। पिछले साल इंदौर में एक केबल कारोबारी की सुपारी देकर हत्या करवा दी गई थी, जिसके तार मंदसौर से भी जुडे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *