ग्वालियर। मध्यप्रदेश केे चंबल संभाग के मुरैना के बाद अब होली के त्यौहार पर भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत होने की खबर आ रही है। होली पर शराब के ठेके पर बिक्री प्रतिबंधित थी इसलिए लोगों ने बाहर से तस्करी कर लाई गई शराब का सेवन किया उसी का परिणाम है कि 7 लोगों की मौत हो गई तथा कुछ लोग भिण्ड व ग्वालियर के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जुझ रहे हैं। भिण्ड जिले में 2 दिन में लहार क्षेत्र में 7 व भिण्ड शहर के चतुर्वेदी नगर में 3 लोगों की मौत हुई है। हालांकि भिण्ड जिला प्रशासन ने जहरीली शराब पीने से मौतों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जहरीली शराब पीने से मौतों की पुष्टि न भिण्ड जिला प्रशासन ने की है और न मृतकों के परिजनों ने भी जहरीली शराब की कोई शिकायत की है। वहीं क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि जहरीली शराब पीने से इन 7 लोगों की मौत हुई है। भिण्ड शहर में 29 मार्च को जो 3 युवकों की मौत को पुलिस सैनिटाइजर पीने से बता रही है लेकिन उन युवकों की मौतों को अब जहरीली शराब पीने से जोडा जा रहा है।
अधिकारियों ने किसी भी मौत को जहरीली शराब से होने से इन्कार किया है। भिण्ड में सैनिटाइजर पीने से हुई 3 लोगों की मौत को भी जहरीली शराब से ही जोड़ा जा रहा है। इनकी मौत से उठ रहे सवाल मिहोना थाना पुलिस के मुताबिक जैतपुरा गांव निवासी 55 वर्षीय हरेंद्र सिंह राजावत 29 मार्च की रात को भोजन कर सो गए थे। और 30 मार्च की सुबह मृत मिले। वहीं इसी गांव के मोनू श्रीवास ने बताया कि उनके बड़े भाई 45 वर्षीय अशोक श्रीवास निवासी जैतपुरा 29 मार्च की रात में खाना खाकर सोए थे। 30 मार्च की सुबह देखा तो मौत हो गई। असनेहट गांव में 30-31 मार्च की दरमियानी रात में अचानक तबीयत बिगड़ने से 32 वर्षीय संजय सिंह राजावत की मौत हो गई। इनके अलावा 30 वर्षीय बल्लू सिंह कुशवाह की मौत हुई है। 2 पीडितों को भिण्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अनूप नामक युवक को ग्वालियर रैफर किया गया है।
असनेहट गांव में ही तीसरी मौत मुरैना निवासी युवक की हुई है। बताया गया है कि असनेहट में मुरैना निवासी युवक की ससुराल थी। मौत के बाद स्वजन शव को मुरैना ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। एक ग्वालियर, दूसरा जिला अस्पताल में भर्ती असनेहट गांव से बुधवार को 42 वर्षीय अनूप सिंह राजावत को जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। अनूप ने बताया कि उन्होंने 29 मार्च की रात में गांव में पप्पू नाम के युवक से 90 रुपए देकर अवैध शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद से ही चक्कर आ रहे थे।
भिण्ड जिले के लहार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अवनीश बंसल ने देर रात्रि को बताया कि असनेहट गांव में वह स्वयं आबकारी विभाग की टीम के साथ गया था। मुझे किसी ने नहीं बताया कि मौतें शराब पीने से हुई हैं। बीमार होने से मौत बताई गई हैं। जिनका पीएम हुआ है, उनकी मेडीकल रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि मौतों का कारण क्या है।
भिण्ड जिले के लहार से कांगे्स विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री डाॅं. गोविन्द सिंह ने कहा है कि भिण्ड जिले में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत को प्रशासन आकस्मिक मौत मान रहा है जबकि यह मौतें जहरीली शराब पीने से हुई है। डाॅं. गोविन्द सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि 2 दिन में हुई लहार क्षेत्र में 7 व भिण्ड शहर में 3 यानी 10 लोगों की मौतों की उच्च स्तरीय जांच कराए तथा मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपए देने की मांग की है।
