ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के अमायन में ग्वालियर के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई । बताया जा रहा है कि यह हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ग्वालियर के बहोडापुर पर रहने वाले रवि राय उम्र 30 वर्ष की रामदास की घाटी निवासी अभिमन्यु राय ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिस समय गोली मारी गई रवि पंगत में बैठकर खाना खा रहा था। बताया जाता है कि रवि और अभिमन्यु में पुरानी रंजिश चल रही थी। कल दोनों भिण्ड जिले के अमायन में शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। कल देर रात को करीब 11.45 पर रवि खाना खाने बैठा तभी अभिमन्यु वहां अपने साथियों के साथ आया और रवि की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों को पकडने के लिए टीम रवाना कर दी। हत्या के मामले में अभिमन्यु राय, देवेंद्र राजपूत, गौरव कोहली, बल्लू कुशवाह को नामजद किया गया है। बारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
