भोपाल। मध्यप्रदेश के चर्चित हनी ट्रैप मामले की एक आरोपी श्वेता विजय जैन के आईसीआईसीआई बैंक के लॉकर से एसआईटी को 47 लाख रुपए नगद 37 लाख के जेवर मिले हैं। इससे पहले भी उसके एचडीएफसी बैंक के लॉकर से 13 लाख रुपए की नगदी मिली थी।
जानकारी के अनुसार श्वेता विजय जैन को एसआईटी की टीम इंदौर से गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भोपाल में प्रभात चौराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक लेकर पहुंची। यहां जब उसकी मौजूदगी में लॉकर खोला गया तो एसआईटी की आंखे फटी रह गई। लॉकर नोटों और जेवरों से भरा हुआ था।
एसआईटी ने पहले लॉकर खाली कराया और नगदी और जेवर लेकर बैंक मैनेजर के केबिन में पहुंचे। इसके बाद नोट गिनने की मशीन मंगाई। नोट गिनने में 47 लाख नगद निकले। इसके बाद जो जेवर मिले हैं उनकी कीमत 37 लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।
पिछले दिनों नेताओं-अफसरों को हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेल कर करोडों वसूलने के मामले में पांच महिलाएं (श्वेता पति विजय जैन, श्वेता पति स्वप्निल जैन, बरखा सोनी, आरती दयाल, छात्रा मोनिका यादव) और एक ड्राइवर ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस और एटीएस के मुताबिक, इन महिलाओं ने करीब 20 लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाए और इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उनसे करीब 15 करोड रुपए की वसूली की है। किसी से 50 लाख तो किसी से तीन करोड रुपए तक की वसूली की गई। इनसे जब्त मोबाइल और 8 सिम की जांच में करीब 90 वीडियो भी मिले हैं। इनमें से 30 वीडियो आईएएस, आईपीएस अफसरों और नेताओं के हैं। जिस्म देखकर अधिकारी व नेता अपने आप को रोक नहीं पाए और इन महिलाओं के जाल में फंस गए।
