सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिला पंचायत में पदस्थ सहायक परियोजना अधिकारी भूपेंद्र पांडेय के घर मंगलवार को लोकायुक्त का छापा पड़ा। आय से अधिक संपत्ति के मामले में ये कार्रवाई की गयी। 18 सदस्यीय टीम आज सुबह उनके घर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
भूपेंद्र पांडेय मूल रूप से सहायक शिक्षक हैं। पिछले 5 साल से वो जिला पंचायत में सहायक परियोजना अधिकारी का काम भी देख रहे हैं। वो जिले भर की एमडीएम का काम काज भी संभाल चुके हैं। इन दिनों जिला पंचायत की स्थापना की कमान पांडेय के जिम्मे है। संग्राम कॉलोनी स्थित घर पर मंगलवार सुबह रीवा लोकायुक्त की 18 सदस्यों की टीम ने छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में ये कार्रवाई की गयी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बैंक खाता, जीवन बीमा, जमीन, शहर में दो मंजिला भवन सोना, जेवरात, एक चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल जैसे चीजो के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। कई एकड़ जमीन की रजिस्ट्री लोकायुक्त के हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि गृह ग्राम अन्य जगहों की यह रजिस्ट्री है। सभी संपत्ति के दस्तावेज लोकायुक्त की टीम ने अपने कब्जे में ले लिए। फिलहाल ये जब्त की गयी बेनामी संपत्ति का पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने पर इसका खुलासा होगा। भूपेंद्र पांडेय की पत्नी पनवार स्कूल में शिक्षक हैं।
