ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आज मंगलवार को पीपल के पौधों का पौधरोपण किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागायुक्त बी. एम. शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजबाबू सिंह थे। अतिथियों ने कृषि विश्वविद्यालय परिसर में पीपल वन एवं आवासीय परिसर के पास कुलपति प्रो. एस. के. राव के साथ पौधे रोपे।
इस अवसर पर संभागायुक्त बी. एम. शर्मा ने कहा कि पीपल का पेड 24 घंटे आक्सीजन देने वाला वो वृक्ष है जो हमारे जीवन में निरंतर प्राणों का संचार कर रहा है। राज्यपाल के आह्वान पर कृषि विश्वविद्यालय में यह पौधरोपण कार्य सराहनीय है। ऐसे आयोजन पर्यावरण हित में निरंतर करते रहें। पुलिस महानिरीक्षक राजबाबू सिंह ने छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों से कहा कि हर व्यक्ति पौधरोपण को यज्ञ समान पवित्र कर्म समझकर नियमित रुप से करता रहे और इस प्रकृति पूजन के कार्य को जनआंदोलन बनाने मंें सहभागी बनें। अगर हमने आज पौधे नहीं लगाए तो आने वाली पीढियों को जवाब नहीं दे पाएंगे। कुलपति प्रो. एस. के. राव ने छात्र छात्राओं से आह्वान किया कि आज लगाए गए पौधों की देखरेख और उन्हें जीवित रखने में वे उत्साह पूर्वक सहयोग दें। कृषि विश्वविद्यालय में यह पौधरोपण कार्यक्रम चार घंटे तक चला जिसमें पीपल, नीम सहित कई प्रजातियों के पौधों का भी जगह जगह पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. मृदुला बिल्लौरे, निदेशक अनुसंधान डॉ. एम. पी. जैन, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. आर. एन. एस. बनाफर, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस. के. वर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. एस. पी. एस. तोमर सहित अधिकारी, कर्मचारी व छात्र छात्राएं मौजूद थे।
