जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में रेमेडिसिविर इंजेक्शन को 77 हजार रुपए में बेचने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को माढ़ोताल क्षेत्र में 3 लोग रेमेडिसिविर इंजेक्शन भोपाल से आए कोरोना पीड़ित के परिजनों को बेचने की फिराक में थे, तभी माढ़ोताल पुलिस ने उन्हें पकड लिया।

माढ़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे ने बताया कि माढ़ोताल पुलिस को सूचना मिली थी, कुछ लोग साईं होटल वाली गली में नेमा हार्ड अस्पताल के पास कोरोना से बचाव में कारगर रेमेडिसिविर के चार इंजेक्शन ब्लैक में बेचने के लिए खड़े हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, तो तीन संदिग्ध पुलिस की गाड़ी देख भागने का प्रयास करने लगे। तीनों को पकड़कर जब उनकी पहचान पूछी गई तो पहले ने अपना नाम विवेक असाटी निवासी बुढ़ागर बस स्टैंड कमानिया गेट गोसलपुर, दूसरे ने रामलखन पटेल निवासी सिहोरा और तीसरे ने अपना नाम अतुल शर्मा निवासी हटा जिला दमोह बताया। तलाशी लेने पर तीनों के पास से चार रेमेडिसिविर इंजेक्शन बरामद हुए।

माढ़ोताल पुलिस के मुताबिक मौके पर ढांढिया पिपरिया होशंगाबाद निवासी रूद्र प्रताप सिंह और राजेंद्र सिंह भी मिले। दोनों ने बताया कि उनके भाई तरवर सिंह की हालत गंभीर है और वह एलबीएस अस्पताल भोपाल में भर्ती है। डॉक्टरों ने रेमेडिसिविर इंजेक्शन की व्यवस्था करने को कहा था, जिसके चक्कर में वे आरोपियों से मिले।

राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी बात विवेक असाटी से हुई थी। विवेक ने उससे 4 इंजेक्शन के 77 हजार रुपए मांगे थे। पुलिस ने जब विवेक असाटी और उसके दो साथियों के साथ सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि 5500 रुपए कीमत वाले रेमेडिसिवर के 4 इंजेक्शन पर तीनों ने अपना-अपना कमीशन जोड़कर राजेंद्र से 77 हजार मांगे थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *