सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में कालसर्प दोष पूजन के बहाने तीन नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के आरोपी कथावाचक बाबा नारायण स्वरूप त्रिपाठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मैहर क्षेत्र के नादन गांव थाना देहात क्षेत्र निवासी कथावाचक पर आरोप है कि उसने 9 दिसंबर को काल सर्प दोष का पूजन कराने के बहाने तीन नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड मांगी, जिस पर कोर्ट ने एक दिन की रिमांड दी है। पुलिस आरोपी कथा वाचक से कडाई से पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में आरोपित कथा वाचक ने 9 दिसंबर को काल सर्प दोष का पूजन कराने के बहाने तीन नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म किया था। जब तीनों पीडितों का पिता शाम को वापस घर आया तो एक पीडिता ने पूरी बात पिता को बता दी। बताया जाता है कि पहले सबसे छोटी बेटी ने रोते हुए अपना हाल बताया। इसके बाद दोनों बडी बहनों ने भी कथा वाचक ने उनके साथ गलत काम किया है लेकिन पिता समाज के डर से चुप्पी साधे रहा।

बेटियों के साथ हुई इस घटना के बाद मंगलवार की सुबह पिता ने हिम्मत जुटाकर तीनों बेटियों को लेकर थाने पहुंच गया। जहां पर एसआई रजनी पटेल ने तीनों बहनों के बयान दर्ज कराए। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आनन-फानन कथावाचक की तलाश शुरू की और शाम तक उसे गिरफ्तार कर लिया। एसडीओपी मैहर हेमंत शर्मा ने बताया कि आरोपी कथा वाचक को कोर्ट से एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पीडितों के भी बयान लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *