ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर ईओडब्ल्यू(आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ)द्वारा रिश्वत लेते पकडे गये नगर निगम ग्वालियर के जोनल अधिकारी मनीष कन्नौजिया के घर पर सर्चिंग की कार्रवाई भी की गई है। अभी तक की सर्चिंग में मनीष कन्नौजिया के घर से 3 लाख 32 हजार 600 रूपये नगद, लगभग छह तोला सोने के जेवर, चांदी के जेवरात, एक प्लाट की रजिस्ट्री, एलआईसी की पॉलिसियां, भारतीय स्टेट बैंक के तीन खाते, एटीएम कार्ड पंजाब नेशनल बैंक के दो खातों की जानकारी मिली है।

ग्वालियर ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि रिश्वत लेते पकडे गये मनीष कन्नौजिया के पास से एक क्रेटा गाडी एक एक्टिवा, एक हीरो होंडा साईन मोटर सायकल भी मिली है, और एक लॉकर भी मिला है।

ज्ञातव्य है कि आवेदक अनूप कुशवाह निवासी वीरपुर सिकन्दर कंपू ग्वालियर द्वारा 18 मार्च को हस्त लिखित आवेदन पत्र ईओडब्ल्यू ग्वालियर में प्रस्तुत कर लेख किया था कि उसने ग्राम भाटखेडी वार्ड क्रमांक 60 नगर निगम ग्वालियर में एक बीघा 15 विस्वा जमीन वर्ष 2019 में खरीदी थी, जिसमें प्लाटिंग का काम किया था, जिसमें 9 लोगों द्वारा अपने मकान बना लिये हैं। उन मकानों को अवैध बताकर कोई कार्रवाई नहीं करने के एवज में मनीष कन्नौजिया जोनल ऑफीसर क्षेत्र क्रमांक 14 शारदा बिहार कालोनी नगर निगम ग्वालियर एवं इंदर सिंह टाइम कीपर नगर निगम ग्वालियर द्वारा तीन लाख रूपये की मांग की जा रही थी, जिसका सौदा दो लाख रूपये में तय हुआ था, जिसकी पहली किश्त के रूप में पचास हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई ग्वालियर की टीम द्वारा आज 19 मार्च को आरोपी मनीष कन्नौजिया जोनल ऑफीसर एवं इंदरसिंह टाइम कीपर को रिश्वत की राशि लेते हुये गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *