भोपाल। भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का एलान हो गया। दक्षिण उज्जैन से विधायक मोहन यादव राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही विधायक दल की बैठक में दो डिर्टी सीएम बनाने का फैसला हुआ है। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला मध्य प्रदेश के नए उप मुख्यमंत्री होंगे।

मध्य प्रदेश में आज यानी 11 दिसंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। 11 दिसंबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में सभी निर्वाचित विधायकों को उपस्थित रहने को लेकर निमंत्रण दिया था। जगदीश देवड़ा शिवराज सरकार में वित्त मंत्री का जिम्मा संभाल रहे हैं। वह मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। देवड़ा लगातार छह बार से विधानसभा चुनाव जीतते आ रहे हैं।

जगदीश देवड़ा ने इस बार के चुनाव में 59024 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय विधायक श्यामलाल जोकचंद को हराया है, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी परशुराम सिसौदिया तीसरे नंबर पर रहे, जो 79335 वोटों से चुनाव हारे हैं। जगदीश देवड़ा 66 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस को लेकर सजग रहते हैं। शांत स्वभाव को जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार किए जाते हैं। इसके साथ ही वह विवादों से कोसों दूर रहे हैं। इन वजहों से ही देवड़ा को वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान सौंपी गई है। माना जाता है कि जगदीश देवड़ा की पार्टी संगठन में अच्छी पकड़ है।