भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे जेलों का सतत निरीक्षण करें और जेलों में अच्छी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। जेलों में बंद बंदियों के पुनर्वास की व्यवस्था कराएं तथा आवश्यक होने पर उन्हें विधिक सहायता भी मुहैया कराएं। उन्होंने निर्देशित किया है कि लगातार अपराध करने वाले अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को शहडोल में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में खुले में अवैध रूप से माँस के विक्रय पर प्रतिबंध के प्रयासों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर पालिकाएं माँस बेचने वालों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कराएं तथा माँस बेचने के लिए उन्हें सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि डीजे वालों का रोजगार प्रभावित न हो इसके भी प्रयास किये जाएं। बैठक में एडीजीपी डीसी सागर ने शहडोल संभाग में बेहतर कानून व्यवस्था कायम करने के लिए किए गए नवाचारों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कलेक्टर विभागों का औचक निरीक्षण करें तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता लाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि औचक निरीक्षण के दौरान किसी को अनावश्यक परेशान न करें, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक और परिणाम मूलक कार्य करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य दूर-दराज के क्षेत्रों में अपराधों को रोकने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम लोगों के मन से पुलिस का डर निकलना चाहिए, इस दिशा में पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी सकारात्मक प्रयास करें। युवाओं से मिलकर सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें।

बैठक में मंत्री कुंवर विजय शाह, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, सांसद हिमाद्री सिंह, महिला वित्त विकास निगम की अध्यक्ष अमिता चपरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, विधायकगण जयसिंह मरावी, मीना सिंह, मनीषा सिंह, शिव नारायण सिंह, शरद कोल, अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह, कमिश्नर गोपालचंद्र डाड, वन संरक्षक शहडोल लखन सिह उईके सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को शहडोल में विकास कार्यों की संभागीय समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों में उच्च स्तर की गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं। कमिश्नर एवं कलेक्टर्स समय-समय पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित कराएं।

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित छात्रावासों में छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिये। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी छात्रावासों का समय-समय पर निरीक्षण करें, छात्रावासों में रहकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों से चर्चा करें। छात्रावासों में रहकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना हम सभी का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में खेल मैदानों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि खेल मैदानों का बड़ी संख्या में निर्माण हो रहा है। खेल मैदानों का उपयोग भी होना चाहिए। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मैदानों की रौनक बढ़नी चाहिए। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि कलेक्टर सतत रूप से जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें करें, अपनी प्राथमिकताएं तय करें और लोक कल्याण के कार्य बेहतर ढंग से कराएं।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और परिणाम मूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों में नवाचार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई परियोजनाओं, विद्युत वितरण व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, एवं अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की।

बैठक में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल द्वारा शहडोल संभाग में संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। शहडोल संभागायुक्त गोपालचंद्र डाड द्वारा संभाग में विकसित भारत संकल्प यात्रा की गतिविधियों, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधामंत्री ग्राम सड़क योजना, अमृत सरोवर योजना एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।

बैठक में मंत्री कुंवर विजय शाह, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, सांसद हिमाद्री सिंह, महिला वित्त विकास निगम की अध्यक्ष अमिता चपरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, विधायकगण जयसिंह मरावी, मीना सिंह, मनीषा सिंह, शिव नारायण सिंह, शरद कोल, अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह, कमिश्नर गोपालचंद्र डाड, वन संरक्षक शहडोल लखन सिह उईके सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।