सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस ने ₹30 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी की पहचान शिवांजय राजपूत पिता धर्मेन्द्र राजपूत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह घटना के बाद से फरार था और पूर्व से शराब तस्करी में संलिप्त रहा है।  उसके खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण भी दर्ज बताए गए हैं।इसके पहले पुलिस ने रवि लखेरा को शार्ट इन काउंटर में पकड़ा था। 

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की तड़के थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि बंडा शराब प्रकरण का आरोपी शिवांजय राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल में मौजूद है और धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से निकलकर अपने घर छापरी की ओर जा सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह को मौके पर पहुंचने तथा आसपास के थाना प्रभारियों को पुलिस बल के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई। थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह और थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने संभावित स्थान की चारों ओर से घेराबंदी कर सघन सर्चिंग शुरू की।

पुलिस को देखकर आरोपी ने की फायरिंग

सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी शिवांजय राजपूत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम को लक्ष्य बनाकर तीन फायर किए। पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा एवं आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए। इसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को सुरक्षित रूप से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार और अन्य सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी

जहरीली शराब कांड के आरोपियों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों के  अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया है। तीन शस्त्र लायसेंस निरस्त किए है। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े रिसॉर्ट ढाबों आदि पर बुलडोजर चलाए जा रहे है। 

अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी

सागर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन और भंडारण में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।