दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक शराबी पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। चार हत्याओं की इस ख़ौफ़नाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कबीरपुरा निवासी आरोपी द्वारका पटेल का अपनी पत्नी खेमा बाई (32) के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। कल दोनों के बीच फिर से भारी विवाद हुआ। सूचना मिलने पर शाम को महिला के मायके वाले गांव पहुंचे और दोनों को समझा-बुझाकर वापस लौट गए थे। लेकिन देर रात जब पत्नी अपने तीनों बच्चों के साथ सो रही थी तब आज तडके आरोपी द्वारका ने धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से सो रहे बच्चों और पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब आसपास के पड़ोसियों को घटना की भनक लगी, तो मौके का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। घटना में मारे गए लोगों में पत्नी खेमा बाई, सात वर्षीय बेटी, चार वर्षीय बेटा और एक वर्षीय मासूम बेटा।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार आरोपी द्वारका शराब का आदी है और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब 6 महीने से साल भर पहले भी पत्नी की शिकायत पर उस पर पुलिस प्रताड़ना का मामला दर्ज हुआ था, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था और वे साथ रहने लगे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और जिला मुख्यालय से एसपी आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद कुल्हाड़ी लेकर गांव के बाहर बैठा हुआ था, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
