सतना। मध्य प्रदेश के सतना में पुराने प्रेम संबंध खत्म होने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े स्कूटी से जा रही युवती पर चाकू से हमला कर दिया। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट गेट के सामने हुई। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे के भीतर उसे टिकुरिया टोला से गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित युवती के मुताबिक, वह स्कूटी से जा रही थी। तभी पीछे से एक युवक आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह कुछ समझ नहीं पाई। युवती ने बताया कि आरोपी पीछे से आया था और वार करने के बाद मौके से भाग गया।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सागर उर्फ सूरज जाटव के रूप में हुई है। सीएसपी सतना मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी और युवती के बीच करीब दो साल से बातचीत थी और दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध रहे थे। कुछ समय पहले युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह आरोपी ने गंवारी तिराहे के आगे युवती पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ पुराने संबंध होने की बात बताई और हमला करने की बात स्वीकार की।

सीएसपी मनीष त्रिपाठी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई और करीब डेढ़ घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।