
दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र में आज तड़के करीब 3-4 बजे गोलू यादव नामक युवक ने प्रियंका साहू नामक एक नवविवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक, प्रियंका की पिछले महीने की 28 जून को शादी हुई थी। इसी क्रम में वह शादी के बाद पहली बार अपने मायके आई हुई थी।
वहीं, बीते शनिवार को प्रियंका के ससुराल पक्ष के लोग उसे लेने आए थे, लेकिन किसी कारण से वो जा नहीं सकी थी। बताया जा रहा है कि गोलू यादव (आरोपी) से प्रियंका का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच प्रियंका की कहीं और शादी हो जाने से गोलू परेशान रहने लगा था। गोलू नहीं चाहता था कि प्रियंका की कहीं और शादी हो या वो वापस अपने ससुराल जाए।
फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भांडेर पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही आरोपी गोलू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।
