ग्वालियर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ ने मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के अटेर अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) आरपी मिश्रा के खिलाफ लोकायुक्त जांच एवं भिण्ड जिले के फूप थाने के उपनिरीक्षक (एसआई) मुनेंद्र सिंह और राम निवास सिंह के वॉइस सैंपल की हैदराबाद लैब से जांच के 9 सितम्बर को आदेश दिए हैं। आरोप है कि तीनों अधिकारियों ने मिलकर रेत माफिया के रैकेट का खुलासा करने वाले कथित व्हिसल ब्लोअर दीपक भदौरिया के खिलाफ ना केवल गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए बल्कि पद का दुरुपयोग करते हुए हाईकोर्ट के आदेश को रीकॉल करने का आवेदन भी लगाया।
कथित व्हिसल ब्लोअर दीपक भदौरिया न ेग्वालियर हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज डकैती और शासकीय कार्यों में बाधा सहित अन्य मामलों को खत्म करने के लिए याचिका दाखिल की है। दीपक भदौरिया ने सभी मामलों को पूर्वाग्रह से प्रेरित बताया है, दीपक ने दलील देते हुए कहा है कि, चूंकि मैने पुलिस और रेत माफिया के रैकेट का खुलासा किया था, इसलिए पुलिस ने जानबूझकर मेरे खिलाफ कई फर्जी मामले दर्ज किए हैं।
भिण्ड के दीपक भदौरिया ने ग्वालियर हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज मामले को खत्म कराने के लिए एक अपील दायर की है। उसका दावा है कि उसने पिछले साल मई महीने में फूप थाने के सब इंस्पेक्टर मुनेंद्र सिंह और रामनिवास सिंह का रेत से भरे ट्रक को छोड़े जाने के एवज में दस हजार रुपये मांगने का आडियो वायरल किया था। इसमें एक आवाज खुद दीपक भदौरिया की थी।
उसका दावा है कि पुलिस वैन में बैठे मुनेंद्र सिंह और रामनिवास सिंह उससे पैसों की मांग कर रहे थे। 20 दिन बाद इस मामले में फूप थाने में दीपक भदौरिया के खिलाफ डकैती बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया था। अब दीपक का कहना है कि पुलिस ने जानबूझकर उसके खिलाफ ये मामला दर्ज किया है।
खास बात यह है कि भिण्ड जिले के अटेर एसडीओपी आरपी मिश्रा ने इस मामले में हाईकोर्ट के 13 जुलाई के आदेश को रीकॉल करने के लिए आवेदन लगाया था। रीकॉल की आवेदन के बारे में जब कोर्ट ने चंबलरेंज के आईजी से जवाब तलब किया, तो उन्होंने अपने शपथ पत्र पर कहा कि उन्होंने कोई आदेश रिकॉल संबंधी एसडीओपी को नहीं दिए हैं। यही भिण्ड के एसपी का भी कहना है। इस पर हाईकोर्ट ने एसडीओपी की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उनके खिलाफ लोकायुक्त जांच के आदेश दिए हैं। वहीं दोनों पुलिस अधिकारियों की आवाज के सैंपल हैदराबाद भेजे जाने के भी निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *