ग्वालियर। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के भिण्ड शहर कोतवाली के नगर निरीक्षक (टीआई) शैलेन्द्र सिंह कुशवाह शहर के व्यापारियों के लिए आतंक का पर्याय बन चुके है। भिण्ड में गुण्डागर्दी के लिए बदमाशों की जरुरत नहीं शहर कोतवाली के टीआई ही गुण्डागर्दी कर लोगों में दहशत फैला रहे है। शहर कोतवाली के टीआई पहले तो कोतवाली से शहर में निकलते ही नहीं है जब निकलते है तो शहर में दहशत फैल जाती है। पता नहीं टीआई का कहर किस पर टूट जाए।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविसेन जैन ने आरोप लगाया है कि क्षमावाणी पर्व पर शहर में जब चल समारोह निकाला जा रहा था तभी शहर कोतवाली के टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह बाजार में निकले। टीआई ने सदर बाजार में संतोष जैन नामक युवक को कथित रुप से अपना शिकार बनाया। संतोष जैन को पकडकर सडक पर पटक कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रुप से घायल संतोष जैन को भिण्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आश्चर्य तब हुआ जब टीआई के साथ शहर के असामाजिक तत्व भी संतोष जैन की पिटाई कर रहे थे। टीआई जब शहर में निकलते है तो उनके साथ पुलिस के जवान नहीं बल्कि स्थानीय बदमाश रहते है। रविसेन जैन सहित समाज के हजारों लोगों ने मांग की है कि टीआई को तत्काल शहर कोतवाली से हटाया जाकर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।
टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह भाजपा सरकार में भी भिण्ड में पदस्थ थे। उनका हर वार भिण्ड से तवादला कर दिया जाता है लेकिन वह हर बार अपना तबादला करा के भिण्ड वापस आ जाते है। शैलेन्द्र सिंह कुशवाह जब सब-इंस्पेक्टर थे तब भी वह भिण्ड में रहे और टीआई बन गए लेकिन वह भिण्ड नहीं छोडना चाहते। प्रदेश सरकार के पास कोई दूसरा टीआई नही है या फिर पुलिस के वेष में व्यापारियों को प्रताडित करने वाला यही टीआई बचा है। लोकसभा चुनाव के दौरान इसका तबादला भिण्ड से सागर कर दिया गया था। चुनाव बाद यह अपना तबादला सागर से दतिया करवा लाए फिर दतिया से भिण्ड आ गए। शहर कोतवाली के अलावा भिण्ड में और कोई थाना नहीं है क्या…?।
चंबल संभाग के पुलिस महानिरीक्षक डीपी गुप्ता और डीआईजी अशोक गोयल से भिण्ड के व्यापारियों ने मांग की है कि शहर कोतवाली के टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह की जांच कराए कि आखिरकार भिण्ड ही क्यों बार-बार वापस आ जाते है और वो भी शहर कोतवाली में। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर कोतवाली के टीआई को विधायक का संरक्षण मिला हुआ है इसलिए पुलिस के वरिष्ट अधिकारी भी उसके खिलाफ कोई कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। जैन समाज ने पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि 3 दिन में शहर कोतवाली को टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह को भिण्ड से नहीं हटाया गया तो शहर में आन्दोलन चलाया जाएगा।
भिण्ड के सकल जैन समाज ने आज भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, भिण्ड-दतिया की सांसद संध्या राय व भाजपा विधायक अरविन्द भदौरिया मुलाकात कर शहर कोतवाली के टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह के आतंक को लेकर एक ज्ञापन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *