भोपाल। मध्यप्रदेश के भिण्ड के रहने वाले इंजीनियर राहुल तायल की भोपाल के दानिशकुंज ब्रिज से नीचे गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मध्यप्रदेश के भिण्ड निवासी 25 वर्षीय राहुल तायल यहां बीमाकुंज में पत्नी हुस्ना के साथ किराए के फ्लैट में रहते थे। इंजीनियरिंग करने के बाद इन दिनों राहुल बैंक के लिए काम करने वाली रिस्क कंट्रोल यूनिट (आरसीयू) में काम करने के साथ-साथ एमबीए भी कर रहे थे। जबकि पत्नी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। 29 जनवरी 2017 को राहुल ने मध्यप्रदेश के शहडोल निवासी हुस्ना से लव मैरिज की थी। तीन माह की गर्भवती हुस्ना अपने पति के साथ खुश थी।

एसआई जय बिल्लोरे ने बताया कि गुरुवार रात वह पत्नी के साथ टहलते हुए दानिशकुंज ब्रिज पहुंचे। यहां वह ब्रिज की बाउंड्रीवॉल पर बैठ गए। दंपती आपस में हंसी मजाक कर रहे थे, तभी राहुल का अचानक संतुलन बिगड गया और राहुल पीछे की ओर करीब 40 फीट नीचे जा गिरे। हुस्ना ने शोर मचाकर वहां से गुजर रहे लोगों से मदद ली और राहुल को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची शाहपुरा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। भिण्ड में राहुल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक राहुल के भाई रितेश तायल इन दिनों इंदौर में रहते हैं। उन्होंने राहुल की मौत पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 40 फीट से नीचे गिरने पर शरीर पर चोट के निशान क्यों नहीं हैं? वह यदि घूमने गए थे तो उनकी जेब से पर्स, फोन, कोई दस्तावेज और हाथ घडी क्यों नहीं मिली? ये तीन चीज तो राहुल हमेशा अपने पास ही रखते थे। रितेश का आरोप है कि राहुल के साथ जरूर कोई अनहोनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *