इंदौर। मध्यप्रदेश की इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने आज मंगलवार को अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले कारखाने पर छापा मारते हुए इनके पास से 21 पिस्टल और 6 देसी कट्टे बरामद किए गए हैं। ये तस्कर इंदौर के साथ ही मध्यप्रदेश के धार, बडवानी, खरगौन, खंडवा और देवास जिले के सिकलीगर दूसरे राज्यों में वहां के तस्करों के साथ मिलकर ऊंचे दाम में अवैध हथियार सप्लाय करने के गोरखधंधे में लिप्त हैं।

क्राइम ब्रांच के अनुसार हाल ही में पकड़े गए आरोपियों और सिकलीगरों से बताया था कि इंदौर के साथ ही धार, बडवानी, खरगौन, खंडवा और देवास जिले के सिकलीगर दूसरे राज्यों में भी वहां के तस्करों के साथ मिलकर ऊंचे दाम में अवैध हथियार सप्लाय करते हैं। टीम को सूचना मिली थी कि बडवानी के उमठी गांव का सिकलीगर चरण सिंह छतरपुर के तस्करों को अवैध हथियार सप्लाय करने वाला है। इस पर टीम ने पुलिस के साथ इंदौर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर चरण सिंह और राजकुमार राजपूत निवासी शुक्लाना मोहल्ला छतरपुर को पकडा। तलाशी में सिकलीगर चरण सिंह के कब्जे से 9 अवैध हथियार बरामद और राजकुमार के कब्जे से 13 अवैध हथियार सहित जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह छतरपुर जिले का रहने वाला है और बर्तन फैक्ट्री में काम करता है। वह लंबे समय से विभिन्न जिलों के सिकलीगरों से अवैध हथियार खरीदकर छतरपुर, ग्वालियर, दतिया और उसके आसपास के क्षेत्रों के आपराधिक तत्वों को ऊंचे दाम पर सप्लाय कर रहा है। राजकुमार को अवैध हथियार बेचने के आरोप में पहले भी ग्वालियर जिले की पुलिस पकड चुकी है। साथ ही आपराधिक किस्म के लोगों से हमेशा संपर्क में रहता था। वह जिस फैक्ट्री में काम करता था वहां से भी बर्तन चुराकर सिगलीगरों को सप्लाय करता था।
आरोपी चरण सिंह ने बताया कि वह उमठी जिला बडवानी में ही अवैध हथियार बनाने का काम करता है। उसे अवैध हथियार के मामले में कई बार पुलिस पकड चुकी है। चरण सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने बडवानी जिले के उसके गांव स्थित उसके कारखाने पर दबिश देकर अवैध हथियार बनाने के औजार, हथियार बनाने में प्रयोग होने वाले कच्चे माल, सहित अधबने हथियार भी बरामद किए और अवैध हथियार बनाने के अड्डे को नष्ट किया। मौके से पिस्टल बनाने की बैरल (नाल), 6 नग रेती, लोहा या धातु काटने की आरी, संसी, पिस्टल बनाने का फर्मा, मैगजीन का फर्मा, स्प्रिंग, लोहे का अन्य सामान मिला।
आरोपी चरण सिंह सिकलीगर ने पूछताछ में बताया कि उसका जीतसिंह नामक अन्य साथी भी इंदौर में हथियार डिलीवर करने आया है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर जीत सिंह को पकडा, जिसके पास से 2 अवैध हथियार बरामद हुए। आरोपी जीतसिंह ने दो लोगों को अवैध हथियार बेचना कबूला है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने नितिन हंसारी, शादाब पठान को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से दो अवैध पिस्टल बरामद हुई। आरोपी नितिन हंसारी ड्रायवरी करता है। उस पर थाना हीरा नगर में लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट आदि के कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं शादाब पठान मजदूरी करता है, उसका नाम पहले भी डकैती के केस में आ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *