मुरैना। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटी तेल, सिंथेटिक पनीर व दूध बनाने का कारोबार तेज हो गया है। शुक्रवार को फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने शहर के 3 तेल मिल, एक दाल मिल व एक दूध डेयरी पर छापामार कार्रवाई में 80 लाख रुपए कीमत का तेल, चना दाल व सिंथेटिक पनीर पकडा। इस कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हडकंप मच गया है। शुक्रवार को मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने वीसी के माध्यम से चंबल संभाग के कमिश्नर रेनू तिवारी, कलेक्टर प्रियंका दास सहित जिलेभर के अफसरों को मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दे रहे थे। इधर मुरैना में बडी कार्रवाई शुरू हो गई।
आगरा-मुंबई रोड पर शशि जैन व पवन जैन की तेल फैक्टरी ऋषभ इंटरप्राइजेज पर जब फूड विभाग की टीम पहुंची तो यहां चल रहे मिलावट के कारोबार को देखकर टीम के होश उड गए। यहां 14 किलोग्राम की टीन में बिना एगमार्क के तेल पैक किया जा रहा था। स्टैंडर्ड मानक के हिसाब से 13 व 15 किलोग्राम की टिन में तेल पैक किया जा सकता है। कुल मिलाकर ग्राहकों के साथ प्रति टिन एक किलोग्राम की ठगी की जा रही थी।
ऋषभ इंटरप्राइजेज फैक्टरी में आसाम गोल्ड व चार फूड ब्रांड से तेल पैकिंग की जाती है, लेकिन यहां एक ही ब्रांड में अलग-अलग साइज की बोतलों में अलग-अलग वैराइटी का मिश्रित तेल भरा जा रहा था। तकरीबन 50 लाख रुपए कीमत का मिश्रित तेल यहां से जब्त किया गया, जो संभवतः अब तक की सबसे बडी कार्रवाई है। वहीं एबी रोड पर स्थित रामनिवास गोयल के श्रीनाथ ऑइल मिल पर टीम को सरसों का तेल बनता हुआ मिला। यहां से भी सरसों के तेल का सैंपल जांच के लिए भरा गया है।
एबी रोड पर स्थित मनीष सिंघल के बालाजी ऑइल मिल पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम सबसे पहले पहुंची। यहां एक टंकी में सोनपक्षी ब्रांड का तेल भरा हुआ था। वहीं दूसरी टंकी में रिफाइंड पाम ऑइल, जबकि इस ब्रांड में रिफाइंड ऑइल मिलाने का कोई लाइसेंस मिल कारोबारी के पास नहीं था। जब उससे इसके दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने 28 लाख रुपए कीमत का 38 टन रिफाइंड पाम ऑइल जब्त करने की कार्रवाई की। साथ ही सरसों के तेल और रिफाइंड पाम ऑइल के एक-एक सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
धौलपुर रोड पर ही संचालित हुकुमचंद्र बंसल की दूध डेयरी पर पनीर तैयार किया जाता है। जब जांच टीम यहां पहुंची तो यहां 400 किलोग्राम पनीर रखा हुआ मिला। हालांकि सपरेटा दूध व रिफाइंड आदि तो नहीं मिला लेकिन शंका के आधार पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने 90 हजार रुपए कीमत के पनीर को जब्त कर कोल्ड में रखवा दिया है। वहीं सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। यहां बता दें कि हुकुमचंद्र बंसल का 2 लाख रुपए का पनीर 4-5 दिन पहले भोपाल में पकडा गया था।
