मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना में निजी जमीन पर खडे सागौन के 76 पेड काटने की अनुमति देने के एवज में डीएफओ ऑफिस में पदस्थ बाबू (सहायक ग्रेड-3) 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडा गया। गुरुवार को बाबू अपने ही ऑफिस में बैठकर ग्रामीण से रिश्वत ले रहा था, तभी उसे लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड लिया।
जानकारी के अनुसार नूराबाद थान क्षेत्र के चौखूटी निवासी भारत सिंह गुर्जर की निजी जमीन पर सागौन के 76 पेड खडे हैं जो 18 साल पुराने हैं। इन पेडों को काटने के लिए भारत सिंह ने अक्टूबर 2018 में वन विभाग में आवेदन देकर अनुमति मांगी। फाइल कंप्लीट होने के बाद भी डीएफओ ऑफिस में पदस्थ बाबू शिवचरन राठौर 10 हजार रुपए मांग रहा था। 10 दिन पहले फरियादी भारत सिंह ने रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग कर लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत की।
30 सितंबर को उसने बाबू शिवचरन को 2 हजार रुपए दे दिए। शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस ने उसे 6 हजार रुपए देकर गुरुवार को शाम 3 बजे बाबू शिवचरन को देने के लिए भेजा। ऑफिस में बैठे बाबू ने जैसे ही रिश्वत के छह हजार रुपए लिए, लोकायुक्त इंस्पेक्टर पीके चतुर्वेदी, रानी लता, सब इंस्पेक्टर सुरेश कुशवाह, हेड कांस्टेबल अजय धनंजय धाकड आदि ने उसे रंगे हाथों पकड लिया। आरोपी बाबू के खिलाफ सरकारी गवाहों की मौजूदगी में केस दर्ज कर लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर लौट गई।
