मुरैना। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के मुरैना जिले के पोरसा थाना इलाके के सायपुरा गांव में रहने वाले 24 वर्षीय युवक सत्यवीर की आत्महत्या के रहस्य का खुलासा हो गया है। वो हनी ट्रैप का शिकार हुआ था। चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी गर्लफ्रेंड की मां उसे ब्लैकमेल कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय सत्यवीर ने 10 सितंबर को गांव के खेत में खुद को फांसी लगा ली थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पास मौजूद मोबाइल को खंगाला तो मरने से पहले युवक द्वारा बनाया गया वीडियो सामने आया।

मुरैना जिले के पोरसा टीआई सिद्धार्थ प्रिय दर्शन के मुताबिक वीडियो में युवक ने एक युवती का नाम लिया, जिसे वह अपनी प्रेमिका बता रहा था। युवक ने कहा कि प्रेमिका की मां उसे जेल भिजवाने की धमकी देती थी। पुलिस के मुताबिक वीडियो में युवक ने बताया कि उसकी कथित प्रेमिका की मां को जब से उसके प्रेम के बारे में पता लगा था, तब से वह युवक से 50 हजार रुपए और गहनों की मांग करती थी। युवक को महिला ने उसके घर पर सारी बात बताने की भी धमकी दी थी। वीडियो के आधार पर पोरसा पुलिस ने युवती और उसकी मां के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *