छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव के बस स्टैंड पर शुक्रवार की रात करीब पौने12 बजे पुलिस सहायता केंद्र से महज 100 मीटर दूर एक मानसिक विक्षिप्त अधेड महिला के साथ 2 युवकों ने दुष्कर्म किया। आरोपी युवकों ने बस स्टैंड में घूम रही महिला को पहले उठाया और बस स्टैंड के एक कोने में ले गए तथा बारी-बारी से बुरा काम करने के बाद वहां से भाग गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना शुक्रवार देर रात की है जब बस स्टैंड पर मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला घूम रही थी। कुछ दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोले हुए थे। विक्षिप्त महिला बस स्टैंड पर बैठी हुई थी। इसी दौरान राहुल बाल्मीक आया और महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगा। जिस वक्त वह महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। उसी समय वहां से एक कार भी गुजरी लेकिन वह बेखौफ तरीके से वहीं पर डटा रहा। कुछ देर बाद धर्मराज बाल्मीक भी आ गया। राहुल को देख वह भी महिला के नजदीक गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद दोनों युवकों ने महिला को उठाया और एक दुकान के समीप कोने में ले गए। वहीं पर बदमाशों ने बारी-बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, जब आरोपी महिला के साथ बुरा काम कर रहे थे तो वहां से कुछ लोग गुजरे भी लेकिन तमाशबीन बनने के अलावा किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसी समय किसी युवक ने थाना प्रभारी को फोन लगाया, लेकिन फोन नहीं लगा।
इसके बाद घटना की जानकारी डायल 100 को लगी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। उसने दूसरे का नाम बताया। पूरी घटना की जानकारी आरक्षकों के द्वारा थाना प्रभारी को दी गई। मौके पर थाना प्रभारी राकेश साहू भी पहुंच गए।
थाना प्रभारी कहना था कि महिला कुछ बोल ही नहीं पा रही है, मामला कैसे दर्ज करें। लेकिन लोगों ने विरोध किया। पुलिस ने हिरासत में लिए एक युवक से पूछताछ कर ही रही थी तभी दूसरा भी वहां पर आ गया और खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए पुलिस से नोकझोंक करने लगा। पुलिस ने दोनों को पकड कर हवालात में बंद किया और पीडित महिला का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने आरोपी राहुल बाल्मीक और धर्मराज बाल्मीक पर धारा 376 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
