ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने भिण्ड जिले के मेहगांव में कृषि विभाग के कार्यालय से रिश्वत के 2 हजार रुपए जब्त किए हैं। लोकायुक्त डीएसपी प्रद्युम्न पाराशर का कहना है मेहगांव के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुरेश बाबू शर्मा ने बीज व्यापारी से रिश्वत की मांग की थी। व्यापारी रंग लगे 2 हजार रुपए रिश्वत के तौर पर एसएडीओ को देने गया था, लेकिन उन्हें शक हो गया। रिश्वत के रुपए देने के दौरान कृषि विकास अधिकारी की शर्ट भी फट गई। लोकायुक्त पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट पर 4 दिसंबर को कृषि विकास अधिकारी पर रिश्वत मांगने की एफआईआर दर्ज की थी। एसएडीओ ने खुद को झूठा फंसाया जाना बताया है। लोकायुक्त पुलिस का कहना है उनके पास रिश्वत मांगने के पूरे साक्ष्य हैं।
भिण्ड जिले के मेहगांव में कतरौल निवासी संतोष शर्मा, समाधिया बीज भंडार के नाम से दुकान किए हैं। संतोष शर्मा का कहना है कि 14 नवंबर 2019 को उनकी दुकान से गेहूं के बीज का सैंपल लिया गया था। कृषि विकास अधिकारी सुरेश बाबू शर्मा ने कहा कि 5 हजार रुपए दो, नहीं तो तुम्हारा सैंपल फेल करवा देंगे। व्यापारी संतोष शर्मा का कहना है कि उन्होंने 3 दिसंबर को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस के पास शिकायत की। शिकायत सुनने के बाद लोकायुक्त पुलिस की ओर से एक जवान को टेप रिकॉर्डर देकर मेरे साथ भेजा गया। 3 दिसंबर को ही ग्वालियर से वापस आकर लोकायुक्त पुलिस जवान की मौजूदगी में कृषि विकास अधिकारी सुरेश बाबू शर्मा को बुलाया। गाडी में बैठकर बात की तो कृषि विकास अधिकारी 3 हजार रुपए देने की बात पर मान गए। व्यापारी संतोष शर्मा के मुताबिक उन्होंने सुरेश शर्मा को 1 हजार रुपए 1 दिसंबर को दिए। बाकी दो हजार और देने की बात हुई थी। रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग होने पर 4 दिसंबर को लोकायुक्त पुलिस ने कृषि विकास अधिकारी सुरेश बाबू शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
कल लोकायुक्त टीम मेहगांव पहुंची। व्यापारी संतोष शर्मा को रिश्वत में 2 हजार रुपए देने के लिए 500 के चार नोटों पर कैमिकल लगाया गया। व्यापारी यह नोट लेकर कार्यालय में गया। उन्होंने सीट पर बैठे कृषि विकास अधिकारी को रिश्वत के रुपए देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कुछ शक हुआ। कृषि विकास अधिकारी ने रुपए झटककर फेंक दिए। इस दौरान लोकायुक्त पुलिस टीम भी पहुंच गई थी। लोकायुक्त टीम की मौजूदगी में व्यापारी संतोष शर्मा और कृषि विकास अधिकारी के बीच छीना-झपटी हुई। इससे सुरेश शर्मा की शर्ट फट गई। रिश्वत के नोट लोकायुक्त पुलिस ने जमीन से उठाकर जब्त किए। लोकायुक्त की टीम में कार्रवाई के लिए डीएसपी प्रधुम्न पाराशर, निरीक्षक राघवेंद्र ऋषिश्वर, राघवेंद्र तोमर, हवलदार इकबाल खान, आरक्षक नेतराम राजौरिया, सुरेंद्र, विनोद शाक्य, देवेंद्र पवैया मेहगांव आए थे।
ग्वालियर लोकायुक्त डीएसपी प्रद्युम्न पाराशर ने आज यहां बताया कि भिण्ड जिले के मेहगांव के कृषि विकास अधिकारी सुरेश बाबू शर्मा के खिलाफ हमारे यहां एफआईआर पहले ही दर्ज की गई है। रिश्वत मांगने के पूरे सबूत हैं। फरियादी संतोष शर्मा रिश्वत के रुपए देने गया, उसी समय शक होने से छीना-छपटी हुई है। रिश्वत के नोट कार्यालय में सुरेश बाबू शर्मा के पास जमीन से बरामद किए हैं।
