ग्वालियर। संचालक लोक अभियोजन मध्यप्रदेश एवं डीजी पुरूषोत्तम शर्मा ने कहा है कि देश में बढे पॉस्को अपराधों को लेकर लोक अभियोजन स्तर पर एक त्रिस्तरीय योजना तैयार की गई है। मध्यप्रदेश में अब इसी योजना से अपराधी के खिलाफ सबूत जुटाकर उसे सजा दिलाई जा रही है। उन्होने बताया कि 2018 और 2019 में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म मामलों में ३२ मामलों में आरोपियों को फांसी की सजा कराई जा चुकी है।
संचालक लोक अभियोजन मध्यप्रदेश एवं डीजी पुरूषोत्तम शर्मा आज अपने प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 2018 में 18 नाबालिगों एवं एक बालिक के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामलों में अपराधियों को फांसी की सजा दिलाई गई है। इसके बाद मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है इसके लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्डस लंदन द्वारा रिकार्ड दर्ज किया गया है। इसके लिए कलाम इन्नोवेशन इन गवर्नेस अवार्ड भी उपराष्ट्रपति वैकया नायडू द्वारा दिया गया है। उन्होंने बताया कि लोक अभियोजन ने कटनी में एक दुष्कर्म के मामले में विभाग द्वारा सारे साक्ष्य जुटाकर मात्र पांच दिनों में आरोपी को फांसी की सजा दिलाई गई। जो भारत का एक रिकार्ड है । इस प्रकरण को इंडिया बुक ऑफ रिकार्डस में भी दर्ज किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में 15 अगस्त को लाल किले से इसका उल्लेख किया था। उन्होंने बताया कि अपराधियों को सजा दिलाने में आज मध्यप्रदेश में 70 प्रतिशत सफलता हासिल की जा रही है। महानिदेशक शर्मा ने बताया कि उन्होने जो त्रिस्तरीय योजना बनाई है उसमें पॉस्को अपराध में विवेचना अधिकारी ने क्या साक्ष्य जुटाए हैं उसकी स्क्रूटनी की जा रही है। जहां आवश्यकता है वहां आवश्यक दिशा निर्देश दिये जा रहे हैं। न्यायालय में गबाह पलट तो नहीं रहे आरोपी को जल्द न्याय मिले इसकी वह स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं। वहीं गबाह के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इस पर अमल भी शुरू कर दिया गया है।
सभी जिलों में आईपेड और साफ्टवेयर मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही विशेष प्रशिक्षण के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रहीं हैं। विशेष कानून अधिनियमों पर विधि विशेषज्ञों के वीडियो बनाकर बेवसाइट पर अपलोड किये जा रहे हैं। विभाग के कार्य की जानकारी के लिए न्यूज लैटर का प्रकाशन मासिक तौर पर किया जा रहा है। वहीं हाल ही में अमीर सत्य फाउंडेशन अहमदाबाद द्वारा अचीवर्स अवार्ड से महानिदेशक शर्मा को सम्मानित किया गया है। एक प्रश्न के उत्तर में महानिदेशक शर्मा ने कहा कि राज्य में खाली पडे 224 पदों को भरने के लिए प्रयास तेज कर दिये गये हैं। वहीं अपराध के कारणों के लिए जिला स्तर पर एसपी तथा सोशलोजी के छात्रों से एक स्टडी कराने के लिए वह शीघ्र पत्र लिखेंगे। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी ग्वालियर संभाग गोपाल सिंह सिकरवार सहित अन्य लोक अभियोजक मौजूद थे।
