भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ओशो महोत्सव का बुधवार सुबह जबलपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। ओशो महोत्सव के शुभारंभ समारोह के प्रारम्भ में कलेक्टर भरत यादव ने पहली बार शासकीय स्तर पर आयोजित किये जा रहे इस महोत्सव में देश-विदेश से आये ओशो भक्तों का स्वागत किया। उन्होंने कहा की ओशो महोत्सव से आचार्य रजनीश की कर्मभूमि रहे जबलपुर को अन्तराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर डॉ स्वाति गोडबोले ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ओशो महोत्सव के आयोजन को जबलपुर वासियों के लिए गौरव बताया। महोत्सव में आए ओशो भक्तों का शहरवासियों की ओर से स्वागत करते हुए महापौर ने कहा कि मां नर्मदा की गोद में बसे जबलपुर को आचार्य रजनीश ने अपनी कर्मस्थली बनाया, यहां शिक्षा ग्रहण की और ज्ञान प्राप्त करने के बाद समूचे विश्व को अपने विचारों से आलोकित किया तथा इस शहर को विशिष्ट पहचान दिलाई। समारोह के मुख्य अतिथि संभागायुक्त रविन्द्र कुमार मिश्रा ने आचार्य रजनीश की कर्मभूमि पर ओशो महोत्सव के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ओशो ने अपने विचारों की क्रान्ति से समूचे विश्व को आलोकित किया है।
