भोपाल। उपचुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की आज होने वाली बैठक के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना चुनावी दौरा निरस्त करना पड़ा। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संतोष आज दिन भर बैठकों में उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व को देने के लिए रिपोर्ट लेकर जाएंगे।

इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। केंद्रीय संगठन के निर्देश पर हो रही आज की बैठक उपचुनाव की तैयारियों को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बीएल संतोष दोपहर लगभग 12 बजे भोपाल पहुंचे। इसके बाद वे प्रदेश भाजपा दफ्तर बैठक लेने के लिए पहुंचे। बैठक लेने से पहले कुछ नेताओं ने उनसे अकेले में भी चर्चा की। इसके बाद दोपहर से बैठकों का दौर शुरू हो गया था।

 उन्होंने विधानसभा उपचुनाव के प्रभारियों के साथ मंत्रणा की। इसके बाद उन्होंने उपचुनाव वाले जिलों के पार्टी जिलाध्यक्षों से वहां की स्थिति जानी। इन दो बैठकों के अलावा वे विधानसभा संचालन समिति, प्रबंधन समिति एवं विस्तारकों की अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया आगर और हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र का आज दौरा करने वाले थे, लेकिन बीएल संतोष के भोपाल आने के चलते दोनों का यह दौरा टल गया। दोनों ही सीटों पर उपचुनाव होना है। आगर सीट मनोहर ऊंटवाल के निधन से खाली हुई थी, जबकि हाट पिपल्या सीट के विधायक मनोज चौधरी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इन दोनों क्षेत्रों में आज दोनों नेता 60 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन करने वाले थे, लेनिक बीएल संतोष की बैठक के चलते आज का यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री और सिंधिया को निरस्त करना पड़ा।

बताया जाता है कि बीएल संतोष और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच कुछ दिन पहले लंबी मंत्रणा हो चुकी है। दोनों नेता दिल्ली में मिले थे। जहां पर सिंधिया से उन्होंने उपचुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।  साथ ही दोनों के बीच उपचुनाव की रणनीति को लेकर भी बातचीत हुई। इस बातचीत के बाद सुरेश मध्य प्रदेश आए है।

संगठन ने प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों को भी उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी है। बीएल संतोष ने इन मंत्रियों को भी यहां की अपडेट लेने के लिए बुलाया है। दोपहर बाद ये मंत्री भी बीएस संतोष को अपनी जिम्मेदारी वाले विधानसभा क्षेत्र की अपडेट देंगे।

बीएल संतोष बतौर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री प्रदेश में पहली बार आ रहे हैं। हालांकि वे पहले कई बार प्रदेश में आ चुके हैं, लेकिन राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बनने के बाद उनका यह पहला दौरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *