रीवा।  पुलिस थाने में दर्ज शिकायत पर आरोपी पक्ष के हित में मुकदमा तैयार करने के नाम पर रिश्वत ले रहा पुलिस का प्रधान आरक्षक गिरफ्तार हुआ है। यह कार्रवाई जिले के जनेह में हुई है, जहां थाने में पदस्थ आरक्षक 15 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था। लोकायुक्त पुलिस की टीम की तरफ से की गई इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। अब इस रिश्वत कांड में जुड़े अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका का भी परीक्षण किया जा रहा है।

लोकायुक्त एसपी ने कहा है कि जो भी दोषी होंगे सब पर कार्रवाई होगी। बताया गया है कि त्योंथर तहसील क्षेत्र के झोटिया निवासी पन्नालाल कोरी नाम के व्यक्ति ने लोकायुक्त एसपी के पास गत दिवस शिकायत दर्ज कराई थी कि जनेह थाने में पदस्थ आरक्षक राजीव लोचन पाण्डेय निवासी पल्हान-बैकुंठपुर रिश्वत की मांग कर रहा है।

लोकायुक्त एसपी ने इस शिकायत का परीक्षण कराने के लिए अधिकारियों को लगाया। जब यह पुष्ट हो गया कि शिकायत सही है, प्रधान आरक्षक लगातार रुपयों की मांग कर रहा है। इसके बाद एसपी ने करीब दर्जनभर की संख्या में लोकायुक्त कार्यालय की टीम कार्रवाई के लिए भेजी।

थाने के पास ही प्रधान आरक्षक राजीव लोचन पाण्डेय का आवास भी है, जहां पर उसने शिकायतकर्ता से रुपए लेकर आने के लिए कहा था। जैसे ही 15 हजार रुपए उसने दिया, तभी लोकायुक्त के डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार एवं निरीक्षक प्रमेन्द्र सिंह के साथ अन्य सदस्य पहुंच गए और आरक्षक को धर दबोचा। ट्रेप से जुड़ी इस कार्रवाई के लिए लोकायुक्त अधिकारी थाने लेकर आरक्षक को पहुंचे जहां पर प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी आरक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *