भोपाल। मध्यप्रदेश में आज कोरोना संक्रमण के 1073 नए मामले सामने आए और 1347 व्यक्ति संक्रमण को मात देकर स्वस्थ घोषित किए गए। इसके अलावा 13 लोगों की मौत हुयी है। राज्य के स्वास्थ्य संचालनालय की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार वर्तमान में सक्रिय मामले 12516 हैं, कल के 12803 की तुलना में कम हुए हैं। आज 27551 सैंपल की जांच में 1073 व्यक्ति संक्रमित पाए गए और संक्रमण दर 3.8 प्रतिशत रही, जो चार से नीचे है।
नए मामलों के साथ अब तक कुल 2,25,709 व्यक्ति कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। तेरह लोगों की मृत्यु के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 3425 तक पहुंच गयी है। 1347 व्यक्तियों के स्वस्थ होने के बाद 2,09,768 व्यक्ति अब तक कोरोना को परास्त कर चुके हैं। वर्तमान में 12516 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। सबसे अधिक मामले आज फिर राज्य में सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में 419 मिले। इन्हें मिलाकर 49,518 व्यक्ति संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।
इंदौर जिले में आज चार लोगों की मौत के बाद मृतकों का आकड़ा 818 हो गया है। कुल 544 व्यक्ति स्वस्थ हुए और अब तक 44261 व्यक्ति कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं। वर्तमान में सबसे अधिक एक्टिव प्रकरण 4439 इंदौर जिले में ही हैं। इनका विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। भोपाल जिले में 185 नए मामले सामने आए और कुल संख्या 36295 हो गयी, जिसमें से 32542 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। आज दो मौत दर्ज किए जाने के बाद मृतकों का आकड़ा 545 हो गया है। वर्तमान में 3208 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा ग्वालियर में 43, जबलपुर में 34, सागर में 15, रतलाम में 20 और मंदसौर में 11 प्रकरण दर्ज किए गए। राज्य में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 20 मार्च को जबलपुर जिले में सामने आया था।