ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 92 पर कल देर रात्रि को भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के ज्ञानेंद्रपुरा आसमानी मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने ओमनी वैन में टक्कर मार दी। इस घटना में वैन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात गंभीर घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल ग्वालियर रैफर किया गया है। ओमनी वेन में सवार 11 लोग महाराष्ट्र के उल्लास नगर से सतुरी नेपाल अपने घर जा रहे थे।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के ज्ञानेंद्रपुरा इलाके में आसमानी माता मंदिर के पास ओमनी वैन क्रमांक एमएच 02 बीटी 8385 में सवार लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भिण्ड पुलिस मौके पर पहुंच गई और गाड़ी में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

घायलों ने बताया कि वह लोग सेतुरी नेपाल के रहने वाले हैं और उल्लास नगर महाराष्ट्र से नेपाल जाने के लिए निकले थे। वैन में सवार ग्यारह लोगों में से इस सडक हादसे में मान बहादुर सिंह 45 वर्ष, काला रावल 48 वर्ष, महिला सूजा रावल 44 और टोपेन्द्र रावल 23 वर्ष की मौके पर ही मौत हुई है। इसके अलावा उदय 31 वर्ष, कृष्णा 28वर्ष, सीता 22वर्ष, विनोद 30वर्ष, शेर बहादपुर 42वर्ष, प्रकाश 21वर्ष, किशन 28वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल रैफर किया गया है। मेहगांव पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वैन को किस वाहन ने टक्कर मारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *