खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भीकन गांव थाने के नगर निरीक्षक समेत नौ पुलिसकर्मियों की कोविड 19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भीकन गांव के ब्लॉक मेडिकल आॅफिसर डॉ मनोज निराले ने कल बताया कि पहले दो पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। कल भीकनगांव थाने के 25 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें नगर निरीक्षक समेत सात और पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।  

उन्होंने बताया कि सभी 9 पुलिस कर्मियों को कोरोना की पहली वैक्सीन लगाई जा चुकी थी और एक-दो दिन में दूसरी वैक्सीन भी लगाई जानी थी। समस्त संक्रमितों जिला अस्पताल खरगोन के कोविड-19 भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को यह संक्रमण कैसे हुआ। खरगोन जिले में अभी तक कोरोना से 5562 लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें से 5407 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिले में अब तक इस महामारी से 110 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इसी तरह संलग्न बड़वानी जिले में अब तक 3016 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 2961 का उपचार हो चुका है। जबकि 31 लोग इस महामारी की चपेट में आकर कालकवलित हुए हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *