भोपाल। मध्यप्रदेश के सीधी जिले के उमरीहा गांव में एक महिला ने अपने घर में घुसे एक व्यक्ति का गुप्तांग हंसिया से काट कर अलग कर दिया। पीड़ित व्यक्ति महिला के घर में घुस कर उसके साथ कथित रूप से जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था ।

सीधी जिले के खड्डी पुलिस चैकी के प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने शनिवार को महिला की शिकायत के हवाले से बताया कि गुरुवार की देर रात्रि को रात को रमेश साकेत (45वर्ष) महिला के घर में जबरदस्ती घुस गया और महिला के साथ कथित रूप से जोर जबरदस्ती करने लगा और जब महिला ने विरोध किया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने जब महिला को नहीं छोड़ा तो महिला ने खटिया पर रखा हंसिया से रमेश का गुप्तांग काट दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला ने स्वयं पुलिस चैकी पहुंचकर घटना के बारे में पुलिस को बताया।

राजपूत ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिये सेमरिया अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *