इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के खंडवा से इंदौर आ रही एक निजी यात्री बस से 13 साल की एक बच्ची ने उल्टी आने पर सिर खिड़की से बाहर निकाला ही था कि सामने से आए ट्रक से उसका सिर टकरा गया। हादसे में उसके सिर का ऊपरी हिस्सा कटकर अलग हो जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खंडवा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलावा ने बताया कि खंडवा की रहने वाली तमन्ना 13 वर्ष आज सुबह खंडवा से बडवाह जा रही थी कि इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग पर रोशिया फाटे के पास यह हादसा हो गया। एएसपी अलावा ने बताया कि हादसे के वक्त तमन्ना के साथ उसकी मां रूखसाना और बड़ी बहन हीना भी उसी बस में सवार थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस क्रमांक एमपी-10 8666 जैसे ही रोशिया फाटे से कुछ आगे बढ़ी तो तमन्ना को घबराहट के साथ उल्टी होने लगी। उसने चलती बस की खिड़की से अपना मुंह बाहर निकालकर उल्टी करना चाही। इसी बीच सामने से ट्रक क्रमांक पीबी 02 सीसी 7974 आ गया। एकदम पास से निकले ट्रक ने तमन्ना के सिर के परखच्चे उड़ा दिए।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक फरार है। हादसे के वक्त यह बस खंडवा से इंदौर जा रही थी, जबकि ट्रक इंदौर से आ रहा था। अलावा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *