भोपाल।  कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए जनजागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से 24 घंटे के ‘स्वास्थ्य आग्रह’ बैठे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज सुबह भी धर्म गुरुओं से चर्चा का क्रम जारी रहा।

शहर के ऐतिहासिक मिंटो हॉल परिसर में कल साढ़े बारह बजे स्वास्थ्य आग्रह पर बैठने वाले शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह अपनी नियमित दिनचर्या जैसे सुबह की सैर और योग अभ्यास किया। उन्होंने अपने अधिकारियों से मुलाकात की और फिर विभिन्न धर्म गुरुओं से भी चर्चा की। विभिन्न धर्मों के गुरुओं ने कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते नागरिकों से अपील की कि वे इन्हें जरुर अपनाएं। अतिसंक्रामक रोग कोरोना पर विजय पाने के लिए यह आवश्यक है।

शिवराज सिंह चौहान ने आज फिर सभी नागरिकों से मॉस्क लगाने, दो गज की दूरी बनाने (सोशल डिस्टेंसिंग), सेनीटाइजर का इस्तेमाल करने और इससे जुड़े अन्य उपाय अपनाने का आग्रह किया। श्री चौहान नागरिकों से बार बार अपील कर रहे हैं कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने का सबसे बड़ा उपाय मॉस्क का उपयोग और इससे जुड़े उपाय हैं और इन्हें अवश्य अपनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्ण लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था चरमरा जाती है और गरीबों की रोजी रोटी भी छिनती है।

शिवराज सिंह चौहान का 24 घंटे का स्वास्थ्य आग्रह आज दिन में साढ़े 12 बजे समाप्त हो जाएगा। इस दौरान वे मीडिया से बातचीत के दौरान कुछ और घोषणाएं कर सकते हैं। श्री चौहान को स्वास्थ्य आग्रह के दौरान अनेक सुझाव आम नागरिकों से भी मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *