इंदौर। इंदौर में महात्मा गांधी चिकित्सा (एमजीएम) काॅलेज के जूनियर डाॅक्टर दीपक सिंह का शनिवार को कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। वे यहां सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में पिछले 10 दिन से भर्ती थे। दीपक की हालत काफी गंभीर थी। उनके फेफड़े 80 प्रतिशत से ज्यादा खराब हो चुके थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपक के निधन पर शोक जताया।
जानकारी के मुताबिक, इंटर्न डाॅ. दीपक सिंह महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल में पदस्थ थे। जब वे संक्रमित हुए तब अस्पताल में ड्यूटी कर रहे थे। डाॅ. दीपक सिंह सतना के रहने वाले थे। उनके पिता किसान हैं और मां गृहिणी हैं। डाॅ. दीपक घर के सबसे बड़े बेटे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पीएमटी की तैयारी की और 2010 में इंदौर के एमजीएम मेडिकल काॅलेज में चयन हुआ था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ट्वीट-
इंदौर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉ. दीपक सिंह #COVID19 के मरीजों का इलाज करते हुए स्वयं संक्रमित हुए और आज उनका दुःखद निधन हो गया। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें, यही प्रार्थना। — Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) April 10, 2021
