जबलपुर. कोरोना की वजह से जबलपुर में गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पिछले 24 घंटे में 402 संक्रमित सामने आए हैं। कोरोना के पहले मामले से लेकर आज दिनांक 10 अप्रैल तक एक दिन में कोरोना का ये सर्वाधिक आंकड़ा है। शनिवार को 2541 सैंपल भेजे गए थे। सराकरी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 4 लोगों की मौत हुई है, लेकिन लगातार सरकारी आंकड़ो पर सवाल उठते जा रहे हैं।
22 हजार के करीब पहुंचा संक्रमितों आंकड़ा
आज 402 संक्रमित मिलने के बाद जबलपुर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 21 हजार 946 पर पहुंच गया है। वहीं आज दिनांक तक 3 लाख 76 हजार से ज्यादा सैंपल भेजे जा चुके हैं। रिकवरी रेट घटकर 87.60 प्रतिशत पर आ गया है। वहीं अबतक कुल 284 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
ये है होम आइसोलेशन और सस्पेक्टेड केस की स्थिति
सरकारी आंकड़ों की माने तो 1322 पॉजिटिव व्यक्ति होम आइसोलेशन में हैं, वहीं 1479 सस्पेक्टेड हैं। एक्टिव केस की संख्या 2436 है।
22 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला
कोरोना महामारी के भीषण संकट को देखते हुए सीएम ने आपदा प्रबंधन समितियों व सभी जिले के कलेक्टरों के साथ बैठक ली। इसमें फैसला लिया गया कि जबलपुर में अब लॉकडाउन 22 अपैल तक बढ़ा जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला आपदा प्रबंधन समितियों के साथ शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद ये फैसला लिया।
12 अप्रैल से 22 अप्रैल तक टोटल लॉकडाउन
इस फैसले के मुताबिक जबलपुर में (शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों) में 12 अप्रेल की रात से 22 अप्रेल की सुबह तक रहेगा लाॅकडाउन प्रभावी रहेगा। इसके अलावा कोविड महामारी की रोकथाम के क्रम में बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी जिले में 22 अप्रेल की सुबह तक लॉकडाउन रहेगा।
लॉकडाउन बढ़ाएंगे, पर धैय रखें : कलेक्टर
जबलपुर कलेक्टर ने शनिवार शाम को वीडियो जारी करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए 12 अप्रैल की सुबह तक लगे लॉक डाउन को आगे भी जारी रखा जायेगा । जिला दंडाधिकारी ने कहा कि लॉक डाउन की अवधि बढ़ाने के आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से धैर्य रखने और कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान अत्यावश्यक सेवाएं एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रहेगी।
