भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया है। पिछले 24 घंटे में 5939 पॉजिटिव केस मिले हैं। इस दौरान 24 मौतें हुईं।
रतलाम, उज्जैन, बैतूल, छिंदवाड़ा, बड़वानी, बालाघाट, उमरिया, झाबुआ और कटनी में 100 से अधिक केस मिले हैं। प्रदेश में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 दिन में 186 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। इसमें 10 अप्रैल को दर्ज 24 मौतें भी शामिल हैं। कोरोना से अब तक 4148 लोगों की जान जा चुकी है।
भोपाल, इंदौर, जबलपुर के बाद अब ग्वालियर और उज्जैन में कोरोना ने तेजी से पैर पसारना शुरू कर दिया है। यहां पिछले 24 घंटे में रिकार्ड 458 पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि 3 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। उज्जैन में भी 218 केस मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव केस का आंकड़ा 35 हजार के पार हो गया है। यही वजह है कि सरकार ने अब अस्पतालों में 1 लाख बेड का इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। हर जिले में कोविड केयर सेंटर भी शुरू किए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त पी नरहरि ने बताया कि सरकारी अस्पतालों के लिए इंदौर में 4 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन इंदौर पहुंचा दिए गए हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि के साथ रेमडेसिविर इंजेक्शन की डिमांड तेजी से बढ़ी है। भोपाल, इंदौर सहित बड़े शहरों में इस इंजेक्शन का स्टॉक खत्म हो चुका है। अब सरकार ने इसके इस्तेमाल के लिए नए निर्देश जारी कर दिए है। यह इंजेक्शन केवल उन मरीजों को दिया जाएगा, जिन्हें इलाज के दौरान हर रोज 5 लीटर से ज्यादा ऑक्सीजन दी जा रही है।
