भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां कॉकरोच के डर से एक महिला ने अब तक 18 घर बदल दिए। महिला कॉकरोच देखते ही इतनी तेज चीखती है कि पूरा घर डर जाता है। पत्नी से परेशान होकर पति ने अब तलाक मांगा है। उसका कहना है कि वह पत्नी की मर्जी के मुताबिक घर देखता है। वहां ज्यादा दिन नहीं रह पाता और पत्नी कॉकरोच की वजह से घर खाली करने का दबाव बनाती है।
पति का कहना है कि शादी को तीन साल हो गए हैं और इस बीच वह 18 मकान बदल चुके हैं। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी कॉकरोच से बहुत डरती है और घर बदलने की मांग करने लगती है। ऐसा कर उसके और उसके घर वालों को काफी परेशानी और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है।
पति ने आरोप लगाया है कि कॉकरोच दिखाई देने पर पत्नी चीखने लगती है और घर का सामान सड़क पर रखने लगती है। पति अपनी पत्नी की इन हरकतों से इतना परेशान हो गया है कि अब उसने तलाक लेने का फैसला ले लिया है। इसके लिए पति ने कानूनी मदद मांगी है।
पत्नी ने कहा- मुझे पागल घोषित करने में जुटा परिवार
हालांकि इससे पहले पति अपनी पत्नी को एम्स, हमीदिया समेत कई हॉस्पिटल में मनोचिकित्सकों को भी दिखा चुका है लेकिन पत्नी दवाई खाने के लिए तैयार नहीं होती है। वहीं पत्नी का आरोप है कि उसका पति उसकी परेशानी को नहींं समझता है और उसे पागल घोषित करने के लिए उसे दवाइयां खिला रहा है।
दंपती की काउंसलिंग की जा रही
दंपती के बीच जब बात काफी बढ़ गई तो यह मामला भाई वेलफेयर सोसाइटी पहुंचा। यह संस्था पुरुषों के हित में काम करती है। यहां दोनों की काउंसलिंग होने लगी। संस्था के फाउंडर जकी अहमद ने बताया कि जब पति से तलाक लेने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि कॉकरोच दिखने पर वो घर छोड़ देती है। सोसाइटी का कहना है कि यह तलाक का मामला नहीं बनता है। फिलहाल, दंपति की काउंसलिंग कराई जा रही है।
2018 में पहला घर बदला था
पति पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और दोनों की शादी साल 2017 में हुई थी। शादी के बाद पत्नी को एक बार कॉकरोच दिखा तो वो इतनी तेज चीखी कि पूरा परिवार ही डर गया। इसके बाद पत्नी ने किचन में जाना बंद कर दिया और घर बदलने की जिद पकड़ ली। पहली बार साल 2018 में घर बदला गया। कुछ दिन बाद पत्नी को वही समस्या हुई। शादी के बाद पति और उसका परिवार 18 बार घर बदल चुके हैं। हालांकि पत्नी का कहना है कि वो बहुत कोशिश करती है कि कॉकरोच को देखकर ना डरे लेकिन ऐसा हो नहीं पाता।
