भोपाल। राजधानी में कोरोना ने मंगलवार को एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ा है। आज भोपाल में 6100 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें 1497 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जबकि इलाज के दौरान 4 मरीजों की जान गई है। इससे पहले सोमवार को 5200 सैंपल की जांच में 1456 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे और 5 मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को भोपाल में 824 कोरोना संक्रमित मिले थे।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलों को निर्देश जारी किए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास करें। कोरोना से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस बीच राहत वाली बात ये है कि प्रदेश में ऑक्सीजन 267 मीट्रिक टन उपलब्ध हो गई है। 16 अप्रैल को मिलेंगे 10 हजार रेमडिसिवर इंजेक्शन मिलेंगे। ये जानकारी खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दी। सरकार ने दावा किया है कि 8 अप्रैल को प्रदेश में ऑक्सीजन की उपलब्धता 130 मीट्रिक टन थी, जो 12 अप्रैल में बढ़कर 267 मीट्रिक टन हो गई है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ के रिटायरमेंट की अवधि को बढ़ाया जाए, जो रिटायर हो गए हैं उन्हें संविदा नियुक्ति दी जाए। अस्पतालों में स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था होना चाहिए। सीएम ने हर जिले में 1075 कॉल सेंटर को प्रभावी बनाने को कहा है। कॉल सेंटर के जरिए जिलों में बिस्तरों की व्यवस्था की जानकारी मिल सकेगी।

भोपाल में सरकार ने 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन लगाया है। इस दौरान किराना दुकानों से होम डिलिवरी की सुविधा दी गई है। सब्जी और दूध की दुकानें खुल रही हैं। ठेले से भी सब्जी की बिक्री की जा रही है। बैंक और पेट्रोल पंप भी खुले रहे हैं। सभी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *