ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के कुरथरा गांव में बिना अनुमति के शादी करने व शादी में शामिल होने के लिए 500 लोगों को एकत्रित करने के मामले में भिण्ड देहात थाना पुलिस ने कल देर रात्रि को शादी आयोजित करने वाले बृजभान सिंह जाटव आईटीवीपी (इंडो तिब्बत वाॅर्डर पुलिस) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही टेंट, डीजे और कैटरिंग का सामान भी जब्त कर लिया। बैंड-बाजे वाले की दुकान को सील कर दिया गया।
भिण्ड के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उदय सिंह सिकरवार ने आज यहां बताया कि भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के कुरथरा गांव में बृजभान सिंह जाटव की कल बहन की शादी थी। शादी की कोई अनुमति नहीं ली गई थी साथ ही कोरोना गाइडलाइन का भी पालन न करते हुए शादी में करीवन 500 लोगों की भीड एकत्रित कर ली थी। भिण्ड प्रशासन व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुचकर भीड को रोका तथा डीजे, टेंट को जप्त कर बैंड को सील कर दिया गया है। प्रशासन ने बारात निकालने पर भी प्रतिबंध लगा दिया। बाद में 50 लोगों की मौजूदगी में दुल्हा और दुल्हन के फेरे करवाए गए।
