जबलपुर. माढ़ोताल क्षेत्र में रहने वाले 19 वर्षीय आकाश ठाकुर ने सोचा नहीं होगा कि एक लड़की के प्रति दीवानगी उसे मौत के मुंह में पहुंचा देगी। आकाश पड़ोस में रहने वाली एक लड़की को चाहने लगा था, उससे बात भी करता था। एक दिन लड़की घर पर अकेली थी, तभी आकाश उससे मिलने पहुंच गया। लेकिन ये बात उसके भाई को पता चल गई। इसके बाद लड़की के भाई ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया।

माढ़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे ने बताया कि राजा का बाड़ा वाली गली में आकाश ठाकुर (19) रहता था, जो पेंट-पुट्टी का काम करता था। बुधवार रात लगभग 9.30 बजे घर के पास वाली गली में मोहल्ले का गन्नू उर्फ सुनील ठाकुर पहुंचा और अपनी बहन से बातचीत करने को लेकर आकाश से विवाद करने लगा। इसी दौरान गाली-गलौज हुई और गन्नू ने आकाश के पेट में चाकू से लगातार ताबड़तोड़ वार किए और भाग गया।

इस घटना को पास ही खड़े आकाश के मौसेरे भाई ने देखा और आकाश के गिरते ही उसने चींखना शुरू किया। मौके पर घरवाले पहुंचे जहां आकाश लहुलुहान पड़ा था। इसके बाद उसे विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की खबर मिलते ही माढ़ोताल पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक आकाश के मौसेरे भाई सौरभ के बयान के आधार पर पुलिस ने गन्नू उर्फ सुनील ठाकुर के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया। माढ़ोताल टीआई ने बताया कि मृतक आकाश का आरोपी गन्नू की बहन से मिलना-जुलना था। वह उससे बात किया करता था। गन्नू ने पहले भी कई बार आकाश को बहन से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद हत्या से एक दिन पूर्व आकाश अकेले में उसकी बहन से मिलने घर पहुंच गया था। ये पता चलते ही गन्नू के सिर पर खून सवार हो गया और उसने आकाश की हत्या कर दी।

मामला दर्ज होने के बाद माढ़ोताल ने तलाश शुरु की और गुरुवार तड़के आरोपी गन्नू उर्फ सुनील ठाकुर को हिरासत में ले लिया। गन्नू से वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त हथियार की खोज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *