जबलपुर. शहर के तिलवारा थाना अंतर्गत तिलवारा-चरगंवा रोड पर दो बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में 2 लाख की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने अपनी बाइक से तेज रफ्तार में आगे चल रहे शराब दुकान के कलेक्शन एजेंटों से बैग छीना और फरार हो गए। हालांकि, बैग छीनकर भागते वक्त लुटेरे बाइक से गिरे भी फिर भी किसी की पकड़ में नहीं आए।

तिलवारा थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनोद कुमार द्विवेदी ने पीपुल्स समाचार डिजिटल को बताया कि बढ़ैयाखेड़ा चरगवां निवासी छोटू उर्फ छोटेलाल पटेल (32) और उसका फुफेरा भाई अजय पटेल (30) शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के यहां कलेक्शन एजेंट हैं। दोनों बाइक से बुधवार को चरगवां देसी व अंग्रेजी, बिजौरी व बरखेड़ा की शराब दुकानों से पिछली ब्रिक्री का 2 लाख 4 हजार रुपए नगद लेकर लौट रहे थे, इसी दौरा चरगवां-तिलवारा बॉर्डर पर उन्हें लूट लिया गया।

शराब दुकान के कलेक्शन एजेंटों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार लुटेरों ने उनका बैग छीना और वापस चरगंवा की ओर गाड़ी मोड़कर फरार होने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। ये देखकर दोनों एजेंटों ने राहगीरों को आवाज लगाई और लुटरों का पीछा किया, लेकिन लुटेरे तेज रफ्तार में गायब हो गए। लूट की खबर मिलते ही तिलवारा और चरगवां पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। छोटू पटेल की शिकायत पर तिलवारा थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया है।

तिलवारा थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के पास एक स्कूल और बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्डिंग नहीं मिली है जबकि पास ही के एक बैंक के कैमरों से कुछ सुराग मिल सकते हैं। तिलवारा पुलिस के मुताबिक बदमाशों को खोजने के लिए क्राइम ब्रांच भी हरकत में आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *