जबलपुर। इन दिनों देश ऑक्सीजन के संकट से जूझ रहा है। सरकार तमाम जतन कर ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। इतना सब होने के बावजूद भी ऑक्सीजन की उपलब्धता न के बराबर है। इसी विकट परिस्थितियों में अस्पतालों में भर्ती मरीज को ऑक्सीजन न मिलने की वजह से मौत का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर के गैलेक्सी अस्पताल का सामने आया है। जहां ऑक्सीजन न मिलने की वजह से 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया है।
यह घटना गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात की है। मरीजों की असमय मौत से आक्रोशित परिजनों में अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। कोतवाली सीएसपी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को समझाइश देकर माहौल को शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने ऑक्सीजन की व्यवस्था कराई जिसके बाद भर्ती अन्य मरीजों की जान बचाई जा सकी।
65 मरीज थे भर्ती
प्राथमिक जानकारी के पता चला है कि गैलेक्सी हॉस्पिटल में घटना की रात कोरोनावायरस से संक्रमित वह संदिग्ध 65 मरीजों का उपचार किया जा रहा था। रात में ऑक्सीजन की कमी होने से 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस घटना को लेकर परिजनों का आक्रोश शुक्रवार सुबह भी देखा गया। जानकारी के मुताबिक जिन पांच मरीजों ने ऑक्सीजन की कमी के चलते दम तोड़ा उनमें अमित कुमार शर्मा, गोमती रॉय, आनंद शर्मा छिंदवाड़ा, देवेन्द्र कुमार और विमला तिवारी शामिल हैं।
