ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड में शादी समारोह में लोग कम भीड़ जुटाएं, इसके लिए अच्छी पहल की गई है। सिर्फ 10 लोगों की मौजूदगी में शादी करने पर नव दंपती को भिण्ड पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के बंगले पर डिनर दिया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपने परिवार के साथ मौजूद रहेंगे। दूल्हा-दुल्हन को लेने के लिए सरकारी वाहन जाएगा। पुलिस अधीक्षक ऐसे दूल्हा-दुल्हन को सम्मानित करेंगे।
भिण्ड जिले के युवक अपनी शादी को लॉकडाउन में यादगार बना सकते हैं। भिण्ड जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने जिले के दूल्हा- दुल्हन से आह्वान करते हुए कहा कि लॉकडाउन में दस लोगों की मौजूदगी में शादी समारोह आयोजित करें। हम आपको बंगले पर डिनर देंगे।
कोरोना महामारी की वजह से लोगों की शादियों में बजने वाले बैंण्डवाजों व डीजे पर प्रतिबंध को लेकर समारोह फीके हो गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए शादी समारोह में वर पक्ष से पांच और वधु पक्ष से पांच यानी दस लोगों के साथ वैवाहिक संस्कार पूरे करने की अपील कर रहे हैं। इसी बीच भिण्ड के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह द्वारा अनूठी पहल की गई है।
दस लोगों के साथ शादी समारोह पूरा करने वाले वर-वधू को अपने बंगले पर बुलाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह सरकारी वाहन भेजेंगे। इसके साथ पायलट वाहन वर-वधु को फॉलो करेगा। यह वाहन शादी समारोह से वर-वधु को लेकर पुलिस अधीक्षक के बंगले लाएगा। यहां डिनर वर-वधू भिण्ड पुलिस अधीक्षक के परिवार के साथ करेगा। इसके बाद वाहन पुनः आयोजन स्थल पर छोड़कर आएगा। भिण्ड पुलिस अधीक्षक की यह पहल शादी समारोह को रोमांचित करने वाली होगी।
भिण्ड जिले के लहार के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम)आर ए प्रजापति ने आज यहां बताया कि लहार अनुविभागीय क्षेत्र में पांच-पांच सदस्य वर और वधु पक्ष के साथ शादी समारोह आयोजित होने की अपील की गई है। मेरी यह अपील को मानने पर ऐसे वर-वधू को स्वयं मैं आशीर्वाद दूंगा। साथ ही उत्कृष्ट शादी का सम्मान भी शासन की ओर से दिया जाएगा।
भिण्ड जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के कारण लोगों को कम संख्या में शादी में शामिल होने की बात कही है। प्रशासनिक अधिकारी दूल्हा और दुल्हन को शादी समारोह में आयोजित आशीर्वाद देने के लिए गूगल मीट का सहारा लेने की बात कही है। गूगल मीट के माध्यम से शादी के दौरान ऑनलाइन एक साथ सभी रिश्तेदारों को जोड़कर शादी को एंजॉय किया जा सकता है और युगल जोड़ी को आशीर्वाद समारोह भी संपन्न किया जा सकता है।
