दोरनापाल। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे पड़ोसी राज्य आंध प्रदेश में बुधवार सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई जिसमें तीन महिला सहित 6 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में एक महिला नक्सली छत्तीसगढ़ की हैं जबकि दो नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई हैं। जवानों ने इनके पास से कुछ हथियार भी बमराद किए हैं। जवानों ने दावा किया है कि और भी शव मिल सकते हैं, सर्चिंग अभी जारी हैं। मारे गए नक्सलियों में नक्सली लीडर सांदे गंगैया उर्फ डॉ. अशोक और देभा माधी उर्फ रानादेव भी शामिल हैं।
विशाखापट्नम में मांपा क्षेत्र के थीगलमेट्टा के जंगल में सुरक्षा बल के जवाब सर्चिंग सुबह सर्चिंग पर निकले थे कि कोय्यरू क्षेत्र में नक्सलियों से उनकी मुठभेड़ हो गई। काफी देर तक यह मुठभेड़ चली लेकिन जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से भाग निकले। इसके बाद जवानों ने जंगल में सर्च आॅपरेशन चलाया जिसमें डीसीएम स्तर के नक्सली लीडर सांदे गंगैया उर्फ डॉ. अशोक और देभा माधी उर्फ रानादेव सहित 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए। जवानों ने शव के पास से एके-1, एसएलआर-1, करबाइन-1, 303 राइफल-3, तमंचा-1 को बरामद किया। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान कर ली गई है जिसमें तेलंगाना निवासी सांदे गंगैया उर्फ डॉ. अशोक, कालीमेला, ओडिशा निवासी देभा माधी उर्फ अर्जुन उर्फ रानादेव, विशाखापट्नम निवासी ललिता, छत्तीसगढ़ निवासी पैइके शामिल हैं। जबकि एक महिला और एक पुरूष नक्सली की अभी पहचान नहीं हो सकी है। जवानों ने दावा किया है कि मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है, सर्च आॅपरेशन अभी जारी हैं। इस मुठभेड़ में किसी भी जवान के हालत होने की सूचना नहीं है, सारे जवान सुरक्षित हैं।
